थाईलैंड के फुकेत से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट AI2379 को सफर के दौरान तेज टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा। हालांकि, पायलट ने स्थिति को संभालते हुए विमान को सुरक्षित रूप से दिल्ली एयरपोर्ट पर उतार लिया। विमान के लैंड होने के बाद सभी यात्रियों और क्रू सदस्यों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
एअर इंडिया के अनुसार, टर्बुलेंस के कारण कुछ यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को मामूली चोटें आई हैं। एहतियात के तौर पर उन्हें एयरपोर्ट के मेडिकल सेंटर ले जाया गया, जहां उनका इलाज और स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। एयरलाइन ने बताया कि किसी भी यात्री या क्रू सदस्य के गंभीर रूप से घायल होने की जानकारी सामने नहीं आई है।

एअर इंडिया ने बयान जारी कर कहा कि यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता है। प्रभावित यात्रियों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। एयरलाइन ने यह भी बताया कि घटना की जांच के लिए संबंधित अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग किया जा रहा है।
टर्बुलेंस की घटना के बाद विमान की सुरक्षित लैंडिंग से यात्रियों और एयरलाइन स्टाफ ने राहत की सांस ली। फिलहाल मामले की जांच जारी है और अधिकारियों द्वारा घटना के कारणों की समीक्षा की जा रही है।