अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत आगमन पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बीते शनिवार को रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट में पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि, मुझे तो लगता है कि वो चुनाव प्रचार के हिसाब से आ रहे हैं। अमेरिका में बहुत से हिंदुस्तानी नागरिक रहते हैं, इसलिए वह उनका वोट हासिल करने के लिए यहां आ रहे हैं। वैसे भी वहां पर चुनाव सामने हैं उस बीच आने का यही मतलब होता है।
बता दें कि, सीएम भूपेश बघेल ग्यारह फरवरी से अमेरिका की यात्रा पर थे और शुक्रवार को दिल्ली लौटे। बाद शनिवार को बंगलूरू में एक कार्यक्रम में भाग लेने के बाद बघेल सरगुजा जिले के मुख्यालय अंबिकापुर पहुंचे वहां से शाम को राजधानी रायपुर लौटे।
इससे पहले मुख्यमंत्री ने अपनी अमेरिका यात्रा को सफल बताया और कहा कि, जल्द ही इसका सकारात्मक परिणाम छत्तीसगढ़ में देखने को मिलेगा। इसी के साथ सीएम बघेल ने कहा कि, उन्होंने अमेरिका के उद्योगपतियों और निवेशकों को छत्तीसगढ़ आने के लिए आमंत्रित किया है।