MP News: यातायात पुलिस शाजापुर द्वारा 7 मई 2026 को रोजवास टोलटेक्स क्षेत्र में कानून व्यवस्था बनाए रखने और यातायात को सुचारू संचालित करने के लिए विशेष वाहन डायवर्जन प्लान लागू किया गया है। यह व्यवस्था सुबह 10 बजे से धरना समाप्ति तक प्रभावी रहेगी। पुलिस प्रशासन ने आमजन और वाहन चालकों से परिवर्तित मार्गों का पालन करने की अपील की है, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा या जाम की स्थिति से बचा जा सके।
यातायात व्यवस्था के तहत कई प्रमुख डायवर्जन पॉइंट बनाए गए हैं। सारंगपुर डायवर्जन पॉइंट पर ग्वालियर और गुना की ओर से आने वाले भारी एवं चार पहिया वाहनों को मोहन बड़ोदिया, चौमा, कानड़ और आगर होते हुए उज्जैन एवं इंदौर की ओर भेजा जाएगा।
इसी प्रकार जलालपुरा-झोंकर जोड़ मक्सी डायवर्जन पॉइंट से इंदौर और देवास की ओर से आने वाले वाहनों को झोंकर, बेरछा, शाजापुर अथवा सुंदरसी, अकोदिया, शुजालपुर और पचोर मार्ग से गुना एवं ग्वालियर की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
करेड़ी नाका ब्रिज शाजापुर से ग्वालियर और गुना की ओर से आने वाले वाहनों को करेड़ी माताजी गांव, रूपेली, डेलची और तराना होते हुए उज्जैन एवं इंदौर भेजा जाएगा। वहीं कनासिया नाका से उज्जैन की ओर से आने वाले वाहनों को मक्सी, हनोती, रूलकी और बेरछा मार्ग से राजगढ़, गुना एवं ग्वालियर की ओर भेजने की व्यवस्था की गई है।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि पूरे डायवर्टेड मार्गों पर यातायात पुलिस कर्मियों की तैनाती की गई है, जो वाहन चालकों की सहायता के लिए मौजूद रहेंगे। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और सहयोग बनाए रखें, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।