MP Lok Sabha Election: मध्य प्रदेश में लोकतंत्र के महापर्व यानी लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण की वोटिंग के लिए चुनाव प्रचार 5 मई को शाम 6 बजे बंद हो गए। लोकसभा चुनाव के तीसरे चरण के लिए मतदान 7 मई मंगलवार को होना है। दरअसल, मध्य प्रदेश की 9 लोकसभा सीटों मुरैना, भिंड, ग्वालियर, गुना, सागर, भोपाल, विदिशा, राजगढ़ और बैतूल में तीसरे चरण में 7 मई को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे के बीच मतदान होगा।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुपम राजन ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया की 9 सीटों के लिए 20 हजार 456 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। सभी जगह दिव्यांग और बुजुर्ग मतदाताओं के लिए त्वरित मतदान की व्यवस्था की है। उन्हें कतार में लगने की जरूरत नहीं होगी। बैठक व्यवस्था व अन्य सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी।
मध्य प्रदेश की जिन 9 लोकसभा सीटों में मंगलवार को मतदान होना है। उनमें राजधानी भोपाल व ग्वालियर के अलावा भिंड, मुरैना, गुना, सागर, विदिशा, राजगढ़ और बैतूल सीट शामिल है। मतदान दल के सदस्य सोमवार दोपहर सामग्री लेकर पोलिंग बूथ के लिए रवाना हो गए।
नि:शुल्क उपचार और आवागमन की सुविधा
मुरैना जिले में शत-प्रतिशत मतदान के लिए संगठनों के साथ मिलकर अनूठी पहल की गई है। मतदान के दिन मुरैना के सभी निजी अस्पतालों में डॉक्टर निःशुल्क ओपीडी परामर्श देंगे। इसके अलावा यहां 1100 ई-रिक्शा संचालक मतदाताओं को लाने ले जाने की जिम्मेदारी संभालेंगे। निःशुल्क परामर्श और आवागमन सुविधा के लिए मतदाताओं को अंगुली पर स्याही का निशान दिखाना होगा। कलेक्टर अंकित अस्थाना ने मतदान प्रतिशत बढ़ाने भारतीय मजदूर संघ से भी सहयोग मांगा है। उन्होंने हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया है।

मतदान सामग्री वितरण के दौरान कर्मचारियों को परेशानी न हो, इसके लिए सीहोर जिले में दो विस्तरीय मिनी आईसीयू स्थापित किया गया है। ताकि जरूरत पड़ने पर उन्हें तत्काल मेडिकल हेल्प मुहैया कराई जा सके। अनुपम राजन ने बताया, भोपाल के सबसे बड़े पोलिंग बूथ बरखेड़ी के रशीदिया स्कूल में फर्स्ट टाइम वोटर्स के लिए उपहार की व्यवस्था की गई है। 70 से अधिक उम्र के बुजुर्ग मतदाओं को वोट डालने पर माला पहनाकर सम्मानित किया जाएगा।
भोपाल के 2097 बूथों में 2200 पुलिसकर्मी तैनात
भोपाल में 2097 पोलिंग बूथ पर मतदान होना है। जहां 2200 पुलिसकर्मी, पैरामिलिट्री फोर्सेस की 9 कंपनियां डिप्लॉय की गई हैं। चुनाव प्रचार खत्म होने के बाद एफएसटी और एसएसटी टीमों को एक्टिवि किया गया। साथ ही होटल-गेस्ट हाउस में सर्चिग तेज कर बाहरी लोगों को वापस भेजा गया। भोपाल की सीमाएं सोमवार से सील हैं। जरूरी वाहन ही आ जा सकेंगे। भारी वाहनों को शहर के बाहर से डायवर्ट किए गए हैं। एफएसटी और एसप्प्सटी टीम भी निगरानी करेगी।

सेवा संकल्प युवा संगठन के सदसयों ने हनुमान टेकरी और बरखेड़ी में पतंग उड़ाकर मतदाता जागरूकता का संदेश दिया। संगठन अध्यक्ष प्रकाश मालवीय ने बताया संगठन के सदस्य एक दिन में स्लोगन लिखी 100 से अधिक पतंगें तैयार की है। इनमें मतवाले होकर मतदान करें, भोपाल करेगा वोट, लोकतंत्र का पर्व मनाएं, हम करेंगे वोट, जिद करो, वोट करो जैसे स्लोगन लिखे हैं। यह स्लोगन यश जैन, प्रमोद मालवीय, प्रियंक जैन, सुमित मालवीय ने लिखे हैं।
वोटिंग से 48 घंटे पहले बंद हो जाता है चुनाव प्रचार
मध्य प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी अनुपम राजन ने बताया कि नियमानुसार संसदीय क्षेत्रों में मतदान समाप्ति के निर्धारित समय से 48 घंटे पहले चुनाव प्रचार बंद कर दिया जाता है। राजन ने कहा कि चुनाव प्रचार समाप्त होने के बाद जो लोग निर्वाचन क्षेत्र के मतदाता नहीं हैं, उन्हें वहां रहने की अनुमति नहीं है। यह पक्का करने के लिए की केवल उस क्षेत्र के ही मतदाता है जहां मतदान होना है। इसके लिए गहन अभियान चलाया जाता है।
दिग्गजों की किस्मत मतदाता के हाथों में
तीसरे चरण के मतदान के दौरान इन नौ संसदीय क्षेत्रों में कुल 1.77 करोड़ मतदाता हैं। इस बार इन सीटों से कुल 127 उम्मीदवार मैदान में हैं। इस चरण में कई प्रमुख सीटों पर चुनाव होंगे। इनमें राजधानी भोपाल समेत विदिशा लोकसभा सीट जहां से पूर्व सीएम शिवराज सिंह चौहान मैदान में हैं। वहीं, राजगढ़ से पूर्व सीएम दिग्विजय सिंह मैदान में हैं। बात की जाए गुना लोकसभा सीट की तो यहां से ज्योतिरादित्य-सिंधिया ताल ठोक रहे हैं। पूरे चंबल क्षेत्र में भी इस चरण में मतदान होगा, जिसका राज्य में चुनाव संबंधी हिंसा का इतिहास रहा है।
बुजुर्गों और दिव्यांगों के वोट हो रहे कलेक्ट
चुनाव प्रचार के थमने के पहले इंदौर चुनाव कार्यालय की 111 टीमों ने शनिवार को 85 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों और विकलांग व्यक्तियों (पीडब्ल्यूडी) के वोट एकत्र करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इन वोटर्स के घर जाकर टीम के मेंबर वोट ड्रॉप बॉक्स में डलवा रहे हैं।