केंद्र के कृषि बिल के खिलाफ दिल्ली कूच आंदोलन के दौरान अंबाला-पटियाला बॉर्डर पर किसान उग्र हो गए। पुलिस ने आक्रोशित किसानों पर आंसू गैस के गोले छोड़े हैं।
किसानों को पीछे धकेलने और तितर बितर करने के लिए पानी की तेज बौछार की गई। दिल्ली की ओर बढ़ रहे किसान पीछे हटने को तैयार नहीं हैं, पुलिसवालों ने लाठी के बल पर भी किसानों को खदेड़ा।
किसानों के आंदोलन को देखते हुए नोएडा और दिल्ली बॉर्डर को छावनी बना दिया गया है। हरियाणा में प्रदर्शन कर रहे किसान दिल्ली की ओर कूच कर रहे हैं जिन्हें देखते हुए यूपी में भी अलर्ट कर दिया है।
गाजियाबाद के मोहन नगर में बड़ी संख्या में किसानों को रोक दिया गया। नोएडा-दिल्ली बॉर्डर को पूरी तरह से सील करने के साथ यहां भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
उधर किसानों के बढ़ते कदमों को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई की चेतावनी दी है। दिल्ली पुलिस का कहना है कि अगर किसानों ने दिल्ली में घुसने का प्रयास किया तो उनके साथ सख्ती से निपटा जाएगा। दरअसल नए कृषि कानूनों के विरोध में 500 से अधिक किसान संगठन मोर्चा खोले हुए हैं।
26 और 27 नवंबर को किसानों ने दिल्ली के जंतर मंतर पहुंचकर बड़े स्तर पर आंदोलन की चेतावनी दी है। भारतीय किसान संघर्ष समन्वय समिति राष्ट्रीय किसान महासंघ और भारतीय किसान महासंघ के अलग-अलग दलों ने दिल्ली चलो का नारा दिया है।