भोपाल से सांसद आलोक शर्मा ने जानकारी दी कि भारत सरकार के संचार मंत्रालय ने मध्यप्रदेश की दो महान विभूतियों के सम्मान में स्मारक डाक टिकट जारी करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इसमें सम्राट राजा भोज और गोंडवाना साम्राज्य की वीरांगना महारानी कमलापति शामिल हैं।
सांसद ने बताया कि उन्होंने केंद्र सरकार को पत्र लिखकर इन दोनों महान हस्तियों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए स्मारक डाक टिकट जारी करने का आग्रह किया था। अब इस प्रस्ताव को स्वीकृति मिल गई है, जिससे उनकी विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी।
सम्राट राजा भोज को भारतीय इतिहास में एक यशस्वी शासक के रूप में जाना जाता है, जिन्होंने शिक्षा, साहित्य, संस्कृति, स्थापत्य और जल प्रबंधन के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। भोपाल का बड़ा तालाब उनकी दूरदर्शिता और जनकल्याणकारी सोच का प्रतीक माना जाता है।
महारानी कमलापति को साहस, स्वाभिमान और त्याग की मिसाल बताया गया है। उनका योगदान मध्यप्रदेश की जनजातीय विरासत और सांस्कृतिक चेतना का महत्वपूर्ण हिस्सा माना जाता है।
सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि इन दोनों महान विभूतियों पर डाक टिकट जारी होने से मध्यप्रदेश की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान मिलेगी और युवा पीढ़ी को प्रेरणा प्राप्त होगी।