बैतूलः आजाद समाज पार्टी ने केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ बिगुल फूंक दिया है। प्रदेशव्यापी दौरे पर निकले राष्ट्रीय कोर कमेटी सदस्य दामोदर यादव और प्रदेश अध्यक्ष सत्येंद्र विद्रोही ने बैतूल पहुंचकर संगठन की मजबूती और सरकार की नीतियों पर तीखा प्रहार किया।

कार्यकर्ताओं की भारी मौजूदगी में आयोजित इस बैठक में दामोदर यादव ने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि केंद्र सरकार असंवैधानिक नीतियों को थौंपकर देश में केवल आडंबर और पाखंड को संरक्षण दे रही है। उन्होंने धीरेंद्र शास्त्री जैसे व्यक्तित्वों को सरकारी संरक्षण मिलने पर सवाल उठाते हुए कहा कि आज शिक्षा, स्वास्थ्य और बेरोजगारी जैसे बुनियादी मुद्दों पर सरकार ने चुप्पी साध ली है। दामोदर यादव ने छत्रपति शिवाजी महाराज के कथित अपमान का मुद्दा उठाते हुए चेतावनी दी कि यदि इस पर सार्वजनिक माफी नहीं मांगी गई, तो संगठन महापुरुषों के सम्मान में उग्र आंदोलन करेगा।
वहीं प्रदेश अध्यक्ष सत्येंद्र विद्रोही ने पार्टी की विचारधारा को स्पष्ट करते हुए कहा कि आजाद समाज पार्टी पूरी तरह मानवतावादी है और यहां मनुवादी सोच या पाखंडवाद के लिए कोई जगह नहीं है। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि पार्टी को मनुवादियों के समर्थन या उनके वोटों की कोई आवश्यकता नहीं है, क्योंकि बहुजन समाज ही संगठन की असली ताकत है।
बैठक के दौरान भीम आर्मी ने पाढर निवासी सब इंजीनियर ज्योति मोहबिया की आत्महत्या के मामले में पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए और न्याय न मिलने पर बड़े आंदोलन का ऐलान किया। अंत में जिला नेतृत्व ने सभी का आभार व्यक्त किया।
बैतूल से संवाददाता कमलाकर तायवाड़े की रिपोर्ट