मॉडल टाउन से बीजेपी उम्मीदवार कपिल मिश्रा की परेशानी बढ़ती जा रही है। अपने विवादित ट्वीट के बाद चुनाव आयोग ने कपिल मिश्रा को अगले 48 घंटे तक प्रचार करने पर रोक लगा दी है। इससे पहले उनके खिलाफ FIR दर्ज कराई गई थी। आपको बता दें कि सीएए को लेकर शाहीन बाग में हो रहे प्रदर्शन को लेकर कपिल मिश्रा ने एक विवादित ट्वीट किया था जिसमें उन्होंने शाहीन बाग को मिनी पाकिस्तान बताते हुए कहा था कि, दिल्ली विधानसभा का चुनाव भारत बनाम पाकिस्तान होगा।
कपिल मिश्रा के इस ट्वीट के बाद ही राजनीतिक गलियारों में बयानबाजी तेज हो गई थी। जिसके बाद चुनाव आयोग ने उनपर प्रतिबंध लगा दिया है जो शनिवार शाम से शुरू हो गई है। वहीं कपिल मिश्रा पर लगे बैन पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी ने कहा कि, चुनाव आयोग को पीएम मोदी और गृहमंत्री शाह के खिलाफ जो नारेबाजी चल रही है उसपर भी संज्ञान लेना चाहिए।
दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि वो चुनाव आयोग का सम्मान करते हैं, लेकिन हिंदुओं की कब्र कब खुदेगी, मोदी और शाह को जान से मार देंगे, जिन्ना वाली आजादी के नारे और शाहीन बाग में जो हो रहा है, चुनाव आयोग को उसपर भी ध्यान देना चाहिए।
चुनाव आयोग के आदेश के बाद कपिल मिश्रा ने अकबर इलाहाबादी की मशहूर पंक्तियों के सहारे सफाई भी दी। उन्होंने लिखा कि, वो कत्ल भी करते हैं तो चर्चा नहीं होता, हम आह भी भरते हैं तो हो जाते हैं बदनाम।