1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. यूनिवर्सिटी में ‘तुम सब मरोगे’ लिखकर फैलाई दहशत: उज्जैन में संदिग्ध तंत्र क्रिया से मचा हड़कंप

यूनिवर्सिटी में ‘तुम सब मरोगे’ लिखकर फैलाई दहशत: उज्जैन में संदिग्ध तंत्र क्रिया से मचा हड़कंप

जानकारी के अनुसार रात करीब 2 से 3 बजे के बीच अज्ञात बदमाशों ने मुख्य गेट के पास मटकी, लाल कपड़ा और कुंकू के निशान रखकर तंत्र क्रिया जैसी स्थिति बनाई। साथ ही दीवार पर “तुम सब मरोगे” लिख दिया।

By: Naredra 
Updated:
यूनिवर्सिटी में ‘तुम सब मरोगे’ लिखकर फैलाई दहशत: उज्जैन में संदिग्ध तंत्र क्रिया से मचा हड़कंप

उज्जैनः मध्यप्रदेश के उज्जैन से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय की कृषि अध्ययनशाला में अज्ञात शरारती तत्वों ने दीवार पर “तुम सब मरोगे” लिखकर दहशत फैलाने की कोशिश की। घटना के बाद छात्रों और स्टाफ में भय का माहौल है।

उज्जैन स्थित सम्राट विक्रमादित्य विश्वविद्यालय की कृषि अध्ययनशाला की नई बिल्डिंग में सोमवार तड़के यह घटना सामने आई। जानकारी के अनुसार रात करीब 2 से 3 बजे के बीच अज्ञात बदमाशों ने मुख्य गेट के पास मटकी, लाल कपड़ा और कुंकू के निशान रखकर तंत्र क्रिया जैसी स्थिति बनाई। साथ ही दीवार पर “तुम सब मरोगे” लिख दिया। सुबह जब चौकीदार बोरिंग चालू करने पहुंचा तो उसने यह नजारा देखा और तुरंत अधिकारियों को सूचना दी। घटना के बाद शिक्षक, कर्मचारी और छात्र मौके पर पहुंचे और माहौल में डर साफ देखा गया।

बताया जा रहा है कि इस नई बिल्डिंग में करीब 10 दिन पहले ही कक्षाएं शुरू हुई हैं, जहां 1000 से ज्यादा विद्यार्थी अध्ययन कर रहे हैं। ऐसे में इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। बिल्डिंग के बाहर CCTV कैमरे नहीं होने के कारण आरोपियों की पहचान करना मुश्किल हो रहा है। फिलहाल विश्वविद्यालय प्रशासन मामले की जांच में जुटा है।

वहीं कुलपति अर्पण भारद्वाज ने इस घटना को गंभीरता से लेते हुए कहा कि इस तरह की गतिविधियों का विश्वविद्यालय में कोई स्थान नहीं है। उन्होंने इसे फिल्मों जैसी हरकत बताते हुए कहा कि कुछ लोग इस तरह की घटनाओं के जरिए माहौल बिगाड़ने की कोशिश करते हैं। फिलहाल दीवार पर लिखे शब्दों को मिटा दिया गया है और परिसर की सफाई कर दी गई है। लेकिन इस घटना ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।

उज्जैन से संवाददाता प्रियंक की रिपोर्ट

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...