पन्ना: प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित तखौरी से बगरौड तक लगभग 2 किलोमीटर लंबी सड़क बदहाल हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे और उखड़ी डामर की परत के कारण लोगों का आवागमन जोखिम भरा बन गया है।
बरसात के मौसम में गड्ढों में पानी भर जाने से सड़क की वास्तविक स्थिति दिखाई नहीं देती, जिससे दोपहिया वाहन चालक अक्सर फिसलकर घायल हो रहे हैं। वहीं चारपहिया वाहनों को भी इस मार्ग से गुजरने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की मरम्मत के लिए कई बार संबंधित विभाग से शिकायत और मांग की गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। इससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अधिकारियों से तत्काल सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है, ताकि दुर्घटनाओं पर रोक लग सके और लोगों को सुरक्षित एवं सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके।
पन्ना से राजेश रावत की रिपोर्ट