नई दिल्ली: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2021 के सेमीफाइनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया से पीटने के बाद पाकिस्तान टीम के खिलाड़ी हसन अली पाकिस्तानी समर्थकों के निशाने पर आ गये। उसके बाद जमकर सोशल मीडिया पर ट्रोलिंग का सिलसिला शुरू हो गया। बता दें कि हसन अली ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गेंदबाजी में भी 4 ओवर में 44 रन खर्च किए और उन्होंने अफरीदी की गेंद पर मैथ्यू वेड का कैच भी छोड़ दिया जिसके बाद बल्लेबाज ने लगातार तीन छक्के लगाकर मैच को पाकिस्तान के शिकंजे से दूर कर दिया। टी20 वर्ल्ड कप सुपर 12 चरण के पांचों मैच शानदार अंदाज में जीतने के बाद पाकिस्तान क्रिकेट टीम सेमीफाइनल में पहुंची थी।
पाकिस्तानी समर्थक यहीं नहीं रुके और अब उनके निशाने पर भारतीय टेनिस स्टार सानिया मिर्जा आई जिसे जमकर ट्रोल किया जा रहा है। सानिया मिर्जा ने पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब मलिक से शादी की है। दोनों का एक बेटा इजहान मिर्जा मलिक भी है। सानिया आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2021 के दौरान पाकिस्तान क्रिकेट टीम के साथ थीं। उन्होंने टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही पाकिस्तान का बायो बबल ज्वॉइन कर लिया था। भारत के खिलाफ मैच के अलावा सानिया ने बाकी हर मैच में पाकिस्तान का सपोर्ट किया था। उन्हें अक्सर पाकिस्तान टीम की सफलता और शोएब मलिक की पारी के दौरान तालियां बजाते हुए देखा गया था।
पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया के बीच हुए सेमीफाइनल मुकाबले में भी उन्होंने पाकिस्तान का सपोर्ट किया था। ऐसे में पाकिस्तान को सपोर्ट और चियर करने के लिए उन्हें सोशल मीडिया पर ट्रोल किया जा रहा है। हालांकि, बहुत सारे फैन्स सानिया को सपोर्ट कर रहे हैं और ट्रोलर्स को जमकर फटकार भी लगा रहे हैं।
सानिया मिर्जा और शोएब मलिक की शादी 2012 में हुई थी

बता दें कि सानिया मिर्जा और शोएब मलिक की शादी 2012 में हुई थी। पाकिस्तानी क्रिकेटर से शादी करने की वजह से ही वह शुरू से ट्रोल होती रही हैं। भारत-पाकिस्तान जंग और भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच में उन्हें अक्सर निशाना बनाया जाता रहा है। ऐसे में भारत-पाकिस्तान क्रिकेट मैच से पहले सानिया अक्सर ऐलान कर देती हैं कि वह नेगेटिव कमेंट्स से पीछा छुड़ाने के लिए सोशल मीडिया से दूर जा रही है। इस बार भी टी20 वर्ल्ड कप में भारत-पाकिस्तान मुकाबले से पहले उन्होंने इंस्टाग्राम के जरिये फैन्स को बता दिया था कि वह सोशल मीडिया से दूर हो जाएंगी।