सीहोर। जिले के शेखपुरा चांदबड़ क्षेत्र में रहने वाली एक विधवा महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर परिजनों ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। मृतका की मां ने पुलिस अधीक्षक (एसपी) को शिकायत सौंपते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। साथ ही मंडी थाना पुलिस पर शिकायत दर्ज नहीं करने का आरोप भी लगाया है।
शिकायत के अनुसार, शेखपुरा चांदबड़ निवासी तेजुबाई नाथ की पुत्री पूजा बाई नाथ विधवा थीं और अपनी दो बेटियों तथा वृद्ध मां की जिम्मेदारी निभाने के लिए सीहोर स्थित एक निजी बायो फ्यूल कंपनी में कार्यरत थीं। बताया गया है कि 14 जून 2026 की सुबह वह रोज की तरह काम पर जाने के लिए घर से निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं।
परिजनों का कहना है कि 17 जून को उन्हें वेदांता हार्ट केयर हॉस्पिटल से फोन आया, जहां पहुंचने पर पता चला कि पूजा बाई के सिर में गंभीर चोट लगी हुई है। अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए भोपाल के चिरायु अस्पताल रेफर किया गया। उपचार के दौरान उसी दिन उनकी मृत्यु हो गई।
परिवार का आरोप है कि पूजा बाई को सिर में गंभीर चोट कैसे लगी, इसकी स्पष्ट जानकारी उन्हें नहीं दी गई। परिजनों का कहना है कि घटना की परिस्थितियां संदेह पैदा करती हैं और पूरे मामले की गहन एवं निष्पक्ष जांच कराई जानी चाहिए ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके।
तेजुबाई नाथ ने शिकायत में आरोप लगाया है कि घटना के बाद जब उन्होंने मंडी थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराने का प्रयास किया तो पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज नहीं किया। उनका कहना है कि उन्हें कई दिनों तक थाने के चक्कर लगवाए गए और बाद में आने की बात कहकर वापस भेज दिया गया। परिवार का दावा है कि घटना को लगभग 15 दिन बीत जाने के बावजूद अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है।

शिकायती आवेदन में मृतका की मां ने पुलिस अधीक्षक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, सभी तथ्यों की गंभीरता से पड़ताल करने और यदि किसी की भूमिका सामने आती है तो उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की है।
मामला पुलिस अधीक्षक के संज्ञान में पहुंचने के बाद अब परिजनों सहित स्थानीय लोगों की नजर पुलिस प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है। परिवार का कहना है कि उन्हें न्याय की उम्मीद है और मामले की निष्पक्ष जांच से ही मौत के पीछे की सच्चाई सामने आ सकेगी।