नई दिल्ली: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित BHARAT TEX 2026 में देश के प्रमुख टेक्सटाइल एवं गारमेंट्स उद्योगपतियों से संवाद किया। इस दौरान मध्यप्रदेश में निवेश को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न संस्थाओं के साथ महत्वपूर्ण एमओयू (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए।

कार्यक्रम में मध्यप्रदेश को करीब ₹1,592 करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इन निवेशों के माध्यम से प्रदेश में 15,700 से अधिक लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है।
इस अवसर पर केंद्रीय वस्त्र मंत्री गिरिराज सिंह भी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने मध्यप्रदेश की निवेश-अनुकूल नीतियों, विश्वस्तरीय आधारभूत संरचना, कच्चे माल की उपलब्धता और कुशल मानव संसाधन को निवेशकों के सामने प्रमुखता से प्रस्तुत किया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्यप्रदेश टेक्सटाइल एवं गारमेंट्स सेक्टर में तेजी से उभर रहा है और प्रदेश सभी निवेशकों का हार्दिक स्वागत करता है। उन्होंने विश्वास जताया कि नए निवेशों से कपड़ा उद्योग को गति मिलेगी, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और औद्योगिक विकास को नई दिशा मिलेगी।