1. हिन्दी समाचार
  2. Bhopal
  3. Bhopal: CM डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में लोक निर्माण विभाग का राज्य स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित

Bhopal: CM डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में लोक निर्माण विभाग का राज्य स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित

रवीन्द्र भवन में दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ...

By: Abhinav Tiwari 
Updated:
Bhopal: CM डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में लोक निर्माण विभाग का राज्य स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला आयोजित

राजधानी भोपाल स्थित रवीन्द्र भवन में लोक निर्माण विभाग (PWD) का राज्य स्तरीय कार्यक्रम सह प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। इस अवसर पर लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह सहित अनेक जनप्रतिनिधि, वरिष्ठ अधिकारी और प्रदेशभर से आए अभियंता उपस्थित रहे।

‘लोक निर्माण से लोक कल्याण’ का संदेश

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि लोक निर्माण विभाग का मूल उद्देश्य “लोक निर्माण से लोक कल्याण” है। उन्होंने कहा कि समय का सदुपयोग, आधुनिक तकनीकों का प्रभावी उपयोग और उच्च गुणवत्ता वाले कार्य अब PWD की कार्यसंस्कृति की पहचान बनते जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने विभाग द्वारा तकनीक आधारित कार्यप्रणाली अपनाए जाने पर संतोष व्यक्त किया।

कैपेसिटी बिल्डिंग फ्रेमवर्क-2026 का विमोचन, लोकपथ 2.0 ऐप लॉन्च

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने “कैपेसिटी बिल्डिंग फ्रेमवर्क-2026” दस्तावेज़ का विमोचन किया। साथ ही उन्होंने एडवांस फीचर्स से लैस “लोकपथ 2.0” ऐप का भी शुभारंभ किया। यह ऐप सड़कों, पर्यटन स्थलों, धार्मिक स्थलों और अस्पतालों से जुड़ी जानकारी एक क्लिक में उपलब्ध कराएगा और इंफ्रास्ट्रक्चर मॉनिटरिंग को और अधिक पारदर्शी बनाएगा।

PWD को बताया टेक्नोलॉजी आधारित और नवाचारशील विभाग

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि लोक निर्माण विभाग को लेकर जो नकारात्मक धारणाएं बनाई जाती हैं, वे उचित नहीं हैं। PWD एक टेक्नोलॉजी आधारित विभाग है और इसे नवाचार के लिए जाना जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि विभाग को अपशब्दों से जोड़ना पीड़ादायक है। मुख्यमंत्री ने रामायण का उदाहरण देते हुए रामसेतु निर्माण और पुष्पक विमान का उल्लेख किया और कहा कि प्राचीन भारत की तकनीक आज भी वैज्ञानिकों के लिए चुनौती बनी हुई है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर प्रशंसा

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि संन्यासी भाव से देश के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कार्यक्रम को “आग टाइप” बताते हुए PWD की उपलब्धियों के लिए प्रधानमंत्री का आभार भी जताया।

रीवा-सिंगरौली 6-लेन सड़क का किया उल्लेख

मुख्यमंत्री ने रीवा-सिंगरौली 6-लेन सड़क परियोजना का उदाहरण देते हुए लोक निर्माण विभाग की प्रगति की सराहना की। साथ ही उन्होंने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह को अच्छा व्यक्ति बताया, लेकिन कहा कि वे कुछ कारणों से खुलकर अपनी बात नहीं रख पाते थे।

लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह का बयान

लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने कहा कि लोकपथ 2.0 ऐप देश का पहला ऐसा ऐप है, जिसे मध्यप्रदेश ने लॉन्च किया है। उन्होंने बताया कि इस ऐप से नागरिकों को सड़क, पर्यटन और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़ी जानकारी आसानी से मिलेगी।

उन्होंने सड़कों के गड्ढों को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए कहा कि अब अस्थायी समाधान नहीं, बल्कि स्थायी सुधार किए जाएंगे। शिकायत मिलने पर संबंधित इंजीनियर को 4 दिन के भीतर गड्ढे भरकर फोटो अपलोड करना होगा, लापरवाही पर नोटिस जारी किया जाएगा।

इंफ्रास्ट्रक्चर और डिजिटल गवर्नेंस की दिशा में बड़ा कदम

यह कार्यक्रम लोक निर्माण विभाग की डिजिटल पहल, तकनीकी नवाचार और इंफ्रास्ट्रक्चर सुदृढ़ीकरण की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है। मुख्यमंत्री और मंत्री दोनों ने स्पष्ट किया कि आने वाले समय में PWD को और अधिक आधुनिक, जवाबदेह और जनहितैषी बनाया जाएगा।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...