1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. 42 डिग्री की तपती गर्मी में सड़क पर धरना, शराब ठेके के स्थानांतरण की मांग पर अड़े रहवासी 

42 डिग्री की तपती गर्मी में सड़क पर धरना, शराब ठेके के स्थानांतरण की मांग पर अड़े रहवासी 

3 दिन बाद भी कार्रवाई न होने पर अकोदिया में वार्ड-8 के लोगों ने किया चक्काजाम, तहसीलदार के आश्वासन पर माने, सील हुआ ठेका

By: Naredra 
Updated:
42 डिग्री की तपती गर्मी में सड़क पर धरना, शराब ठेके के स्थानांतरण की मांग पर अड़े रहवासी 

शाजापुरः अकोदिया मंडी वार्ड क्रमांक 8 के रिहायशी इलाके में शराब ठेके के प्रस्तावित स्थानांतरण के विरोध में शनिवार को रहवासियों का गुस्सा फूट पड़ा। 42 डिग्री तापमान की तपती गर्मी में महिला-पुरुष और पार्षदों ने शुजालपुर रोड करीब 2 घंटे से धरना प्रदर्शन कर चक्काजाम कर दिया।

रहवासियों ने बताया कि 3 दिन पहले तहसीलदार, नगर परिषद और थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर मांग की थी कि शराब ठेके को रिहायशी इलाके से बाहर किया जाए। लेकिन 3 दिन बीतने के बाद भी ठेका यथावत रहा। इससे नाराज होकर वार्ड-8 के सैकड़ों महिला-पुरुष सड़क पर उतर आए और शराब ठेका हटाने की मांग पर अड़ गए।

धरने के कारण शुजालपुर रोड पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संजय सिंह राजपूत और तहसीलदार कन्हैया लाल चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। तहसीलदार चौहान ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि शराब ठेके को पुरानी जगह पर ही शिफ्ट किया जाएगा। प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई करते हुए वार्ड क्रमांक 8 के पास स्थित शराब ठेके को सील कर दिया। आश्वासन और ठेका सील होने के बाद करीब 2 घंटे बाद धरना प्रदर्शन समाप्त हुआ और यातायात सुचारु रूप से चालू हो सका।

पार्षद रेखा राठौर ने बताया कि ये रिहायशी इलाका है। यहां से महिला-पुरुष और बच्चे रोज निकलते हैं। पास में किराने और चक्की की दुकानें हैं। शराब पीने के बाद लोग हंगामा करते हैं, गाली-गलौज करते हैं और नशे में सड़क पर ही पड़े रहते हैं। महिलाएं शर्मिंदगी और असुरक्षा महसूस करती हैं।

प्रदर्शनकारी एक ही बात पर अड़े थे कि जब तक ठेका नहीं हटेगा, सड़क से नहीं हटेंगे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन द्वारा किसी पर भी प्रकरण दर्ज किया गया तो फिर से चक्काजाम और धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

शाजापुर से संवाददाता दिलीप सौराष्ट्रीय की रिपोर्ट

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...