1. हिन्दी समाचार
  2. बिहार
  3. बिहार बाढ़ का जायजा लेने आज पहुंचेंगे शिवराज सिंह चौहान, किसानों और पीड़ितों से करेंगे मुलाकात

बिहार बाढ़ का जायजा लेने आज पहुंचेंगे शिवराज सिंह चौहान, किसानों और पीड़ितों से करेंगे मुलाकात

बिहार में बाढ़ से प्रभावित लोगों और किसानों की स्थिति का जायजा लेने केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान 16 सितंबर को राज्य के दौरे पर रहेंगे। वे दिघवारा, मनेर, हाजीपुर, मुंगेर और भागलपुर के प्रभावित इलाकों का हवाई व जमीनी निरीक्षण करेंगे। इस दौरान किसानों से मुलाकात, फसल नुकसान का जायजा और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा की जाएगी।

By: Nivedita 
Updated:
बिहार बाढ़ का जायजा लेने आज पहुंचेंगे शिवराज सिंह चौहान, किसानों और पीड़ितों से करेंगे मुलाकात

बिहार में बाढ़ से प्रभावित लोगों और किसानों की स्थिति का जायजा लेने के लिए केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान 16 सितंबर को बिहार के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण करने के साथ जमीनी स्तर पर हालात का निरीक्षण करेंगे। केंद्रीय मंत्री प्रभावित किसानों और आम लोगों से सीधे मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनेंगे। उनके दौरे के दौरान केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम भी मौजूद रहेगी।

हवाई सर्वेक्षण से शुरू होगा दौरा

शिवराज सिंह चौहान पटना पहुंचने के बाद हेलीकॉप्टर से दिघवारा और मनेर के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। इसके बाद वे हाजीपुर के तेरसिया और सरायपुर गांव पहुंचेंगे। यहां खेतों में जाकर बाढ़ से फसलों को हुए नुकसान का जायजा लिया जाएगा और किसानों से बातचीत की जाएगी।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ करेंगे समीक्षा

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के निरीक्षण के बाद केंद्रीय मंत्री पटना स्थित मुख्यमंत्री सचिवालय में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे। बैठक में बाढ़ की स्थिति, राहत एवं बचाव कार्यों और किसानों को उपलब्ध कराई जा रही सहायता की समीक्षा की जाएगी।

 

मुंगेर और भागलपुर में राहत शिविरों का दौरा

शिवराज सिंह चौहान इसके बाद मुंगेर के नवाबगढ़ी पहुंचेंगे, जहां वे राहत शिविर में रह रहे बाढ़ प्रभावित परिवारों से मुलाकात करेंगे। वे शिविर में उपलब्ध राहत व्यवस्था की स्थिति भी देखेंगे। इसके बाद केंद्रीय मंत्री भागलपुर क्षेत्र के कोजीकरैया बांध का निरीक्षण करेंगे। शाम को वे भागलपुर पॉलिटेक्निक कॉलेज स्थित राहत शिविर पहुंचकर प्रभावित परिवारों से बातचीत करेंगे और उनकी समस्याओं की जानकारी लेंगे।

फसल नुकसान का भी लिया जाएगा जायजा

दौरे के दौरान बाढ़ से किसानों की फसलों को हुए नुकसान पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। खेतों का निरीक्षण करने के साथ किसानों से सीधे बातचीत कर नुकसान और उनकी जरूरतों की जानकारी जुटाई जाएगी। केंद्र और राज्य के अधिकारी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्यों की स्थिति की भी समीक्षा करेंगे। केंद्रीय मंत्री के दौरे के दौरान प्रभावित लोगों तक राहत पहुंचाने और किसानों को सहायता उपलब्ध कराने से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा होगी।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...