जहानाबाद (बिहार)। रतनी प्रखंड क्षेत्र के सावन बिगहा खेल मैदान में आयोजित सावन बिगहा प्रीमियर लीग (SBPL) का रोमांचक फाइनल मुकाबला देर रात संपन्न हुआ। फाइनल में शकूराबाद क्रिकेट क्लब ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सिकंदरपुर क्रिकेट क्लब को 39 रनों से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए शकूराबाद क्रिकेट क्लब ने निर्धारित 10 ओवरों में 146 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया। टीम के बल्लेबाजों ने आक्रामक शुरुआत करते हुए विपक्षी गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा।
147 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सिकंदरपुर क्रिकेट क्लब की टीम निर्धारित रन गति को बनाए रखने में असफल रही। टीम 10 ओवर में 6 विकेट खोकर केवल 107 रन ही बना सकी। इस तरह शकूराबाद क्रिकेट क्लब ने 39 रनों से जीत दर्ज की।
पूरे टूर्नामेंट में बेहतरीन प्रदर्शन करने वाले शकूराबाद क्रिकेट क्लब के खिलाड़ी कुंदन कुमार को मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज दोनों पुरस्कारों से सम्मानित किया गया। उनके ऑलराउंड प्रदर्शन ने टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।
विजेता शकूराबाद क्रिकेट क्लब को ट्रॉफी के साथ 10 हजार रुपये की नकद राशि प्रदान की गई। वहीं उपविजेता सिकंदरपुर क्रिकेट क्लब को ट्रॉफी और 4 हजार रुपये नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं ग्रामीण क्षेत्र की खेल प्रतिभाओं को मंच प्रदान करती हैं और युवाओं को खेल के प्रति प्रेरित करती हैं। फाइनल मुकाबले के दौरान बड़ी संख्या में खेल प्रेमी मैदान में मौजूद रहे।

प्रतियोगिता का उद्घाटन समाजसेवी आभा रानी द्वारा किया गया था, जबकि समापन एवं पुरस्कार वितरण समारोह में समाजसेवी शिवशंकर यादव ने विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित किया। अंपायरिंग की जिम्मेदारी रविकांत कुमार, अभय कुमार और रिशु कुमार ने निभाई, जबकि पिंटू कुमार की कमेंट्री ने दर्शकों का मनोरंजन किया।
जीत के बाद शकूराबाद क्रिकेट क्लब के खिलाड़ियों और समर्थकों ने जमकर जश्न मनाया। खिलाड़ियों ने एक-दूसरे को बधाई देते हुए इस जीत को टीम वर्क और मेहनत का परिणाम बताया।