पन्नाः जिले में किसानों की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रहीं। एक ओर सर्वर और स्लॉट बुकिंग की समस्या है। तो दूसरी ओर बेमौसम बारिश ने खरीदी केंद्रों में रखे गेहूं को नुकसान पहुंचाया है। देरी से शुरू हुई खरीदी और टोकन व्यवस्था की दिक्कतों के बीच किसान लगातार परेशान हो रहे हैं। हालात ऐसे हैं कि किसानों को हर स्तर पर समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

पन्ना जिले में इस बार गेहूं खरीदी व्यवस्था किसानों के लिए मुसीबत बनती जा रही है। खरीदी में पहले ही देरी हुई। और अब स्लॉट बुकिंग व सर्वर की समस्या ने किसानों की चिंता और बढ़ा दी है। जिन किसानों ने किसी तरह स्लॉट बुक करा भी लिया। तो उन्हें खरीदी केंद्रों पर टोकन नहीं मिल पा रहे हैं। जिससे केंद्रों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। किसानों का कहना है कि उन्हें रात 11 बजे तक जागकर स्लॉट बुकिंग करनी पड़ रही है। फिर भी सफलता नहीं मिलती।
वहीं, सेटेलाइट सत्यापन प्रक्रिया में भी कई किसानों के पंजीयन निरस्त हो गए। जिससे वे खरीदी से वंचित रह गए। इसी बीच गुरुवार को हुई बेमौसम बारिश ने हालात और बिगाड़ दिए। अर्चना वेयरहाउस, जरुआपुर, देवेन्द्रनगर, अमानगंज और रैपुरा क्षेत्रों में खरीदी केंद्रों सहित कई केंद्रों में खुले में रखा गेहूं भीग गया। जिससे नुकसान की आशंका बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि एक तरफ प्रशासनिक व्यवस्थाएं कमजोर हैं। तो दूसरी ओर मौसम की मार अलग पड़ रही है। ऐसे में उन्हें दोहरी नहीं, बल्कि कई स्तरों पर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
पन्ना से संवाददाता राजेश रावत की रिपोर्ट