नई दिल्ली : शुक्रवार की सुबह वरिष्ठ पत्रकार शेष नारायण सिंह का ग्रेटर नोएडा के राजकीय आयुर्विज्ञान संस्थान (GIMS) में निधन हो गया। उनके निधन से पूरे पत्रकारिता जगत में शोकाकुल है। आपको बता दें कि कुछ दिनों पहले शेष नारायण सिंह कोरोना वायरस से संक्रमित हो गये थे, जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए जिम्स में भर्ती करवाया गया था। इलाज के दौरान प्लाज़्मा समेत कई विधियों से उनकी जीवन रक्षा की कोशिश की गई लेकिन सब बेकार साबित हुआ।
शेष नारायण सिंह के निधन पर नोएडा मीडिया क्लब और ग्रेटर का प्रेस क्लब ने शोक जाहिर प्रकट किया है। उनकी उम्र 75 वर्ष थी। वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले के लमहुआ के रहने वाले थे। जबकि उनके छोटे भाई फौजदार सिंह सुल्तानपुर में ही रहते हैं और खेतीबाड़ी का काम देखते हैं।
करीब 4 दशक लंबे पत्रकारिता करियर में शेष नारायण सिंह ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की थीं। उन्होंने एनडीटीवी इंडिया और न्यूज नेशन जैसे देश के शीर्ष न्यूज चैनल्स की मौजूदा टीम को प्रशिक्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। फिलहाल वह देशबंधु के पॉलिटिकल एडिटर थे। उन्होंने जागरण इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड मास कम्युनिकेशन में कई वर्षों तक बतौर प्रोफेसर अध्यापन किया।
शेष नारायण सिंह को देश के सभी बड़े न्यूज चैनलों में राजनितिक और सामाजिक मुद्दों पर विशेषज्ञ के तौर पर अपनी राय रखते देखा जाता था। बता दें कि इससे पहले 30 अप्रैल को इंडिया टुडे ग्रुप के एंकर और वरिष्ठ पत्रकार रोहित सरदाना का निधन हो गया था। वह भी कोरोना वायरस के संक्रमण की चपेट में थे।