उत्तराखंड सरकार में दायित्वधारी एवं भाजपा के पूर्व प्रदेश महामंत्री रहे ज्ञान सिंह नेगी (75 वर्ष ) का आज तड़के पांच बजे आशुतोषनगर ऋषिकेश में निधन हो गया। वह टिहरी जिले के बेरणी के निवासी थे।
बता दे कि ऋषिकेश के नेहरू मार्ग ऋषि लोक कॉलोनी स्थित आवास में उनकी तबीयत बिगड़ी, जिसके बाद उन्हें हिमालयन हॉस्पिटल जॉली ग्रांट ले जाया गया. वहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बीते एक सितंबर को ज्ञान सिंह नेगी कोविड पॉजिटिव भी निकले थे। ज्ञात हो, आपातकाल के दौरान स्व. नेगी 18 माह जेल में रहे. वह लंबे समय तक विद्या भारती,जनसंघ, आरएसएस से जुड़े रहे।
ज्ञान सिंह नेगी के निधन पर मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने शोक जताया है. उन्होंने लिखा कि, भाजपा उत्तराखंड के वरिष्ठ नेता एवं हमारी सरकार में दर्जाधारी राज्यमंत्री ज्ञान सिंह नेगी के निधन का समाचार सुनकर अत्यंत दुःख हुआ।
आगे उन्होंने यह भी लिखा कि ईश्वर दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें व शोक संतप्त परिवार जनों को धैर्य प्रदान करें।