{ रुद्रपुर से दीपक कुकरेजा की रिपोर्ट }
ऊधमसिंहनगर जिले में दो माह तक चलाए गए ऑपरेशन स्माइल, ऑपरेशन शिनाख्त और इनामी बदमाशों की धरपकड़ में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
पुलिस मुख्यालय देहरादून के आदेश के बाद जिले में चलाए गए तीनों अभियानों में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। ऑपरेशन स्माइल के तहत पुलिस ने बेहतर कार्य करते हुए प्रदेश में दूसरा स्थान प्राप्त किया है।
इस ऑपरेशन के लिए जिला कप्तान द्वारा जिले में पांच टीमों का गठन किया गया था। बता दें कि वर्ष 2000 से 31 जनवरी 2020 तक 238 लोगो की जिले के विभिन्न थानों में गुमशुदी दर्ज थी जिसमे से पुलिस ने ऑपरेशन स्माइल चलाकर 238 में से 106 लोगों को बरामद कर उन्हें परिवारजनों से मिलवाया।

वहीं, बात अगर इनामी बदमाशों के धरपकड़ की करें तो जिले में 81 इनामी बदमाश रजिस्टर्ड हैं, जिसमें से टीम द्वारा 34 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। जिले में पहले से 12 गैंग रजिस्टर्ड थे, जिसमें से टीम ने पाया कि 5 गैंग निष्क्रिय है. निष्क्रिय गैंगों को जिले की सूची से हटाकर 4 नये गैंगों को रजिस्टर भी किया गया है।
इसके अलावा जिले में 433 अपराधी वांछित चल रहे थे। जिसमें से 334 अपराधियों को पुलिस टीम द्वारा गिरफ्तार किया गया है। वहीं ऑपरेशन शिनाख्त में 9 लावारिश शवों की शिनाख्त की गई जबकि, यह आंकड़ा चार सौ से अधिक का है।

एसएसपी बरिंदर जीत सिंह ने बताया कि पिछले दो माह में चलाए गए अभियान में टीम ने बेहतर कार्य किया है. टीम को बेहतर कार्य के लिए सम्मानित किया गया है. उन्होंने कहा कि आगे भी इस तरह के अभियान चलाए जाएंगे।