रिपोर्ट: सत्यम दुबे
देहरादून: देवभूमि उत्तराखंड में लगातार आफत की बारिश हो रही है। पिछले दो दिन से हो रही बारिश से काफी मुश्किलें बढ़ गई हैं। अब राजधानी देहरादून में भी असर दिखने लगा है। पर्यटक स्थलों पर भी भारी बारिश का कहर सामने आया है, जहां खेरी गांव में नदी कई मीटर सड़क बहा ले गई।
मिली जानकारी के मुताबिक कुछ वाहन भी तेज जलधारा में बह गये हैं। शुक्रवार को भी राज्य के कई जिलों में बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी है, तो देहरादून के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। सूबे में मौसम विभाग ने भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग की मानें तो 28 और 29 अगस्त को देहरादून, पौड़ी, नैनीताल, चम्पावत, पिथौरागढ़ व उधमसिंहनगर जिलों में तेज हवाओं के साथ कही हल्की तो कही भारी बारिश हो सकती है। 28 अगस्त को नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान कहीं-कहीं आकाशीय बिजली गिरने की भी संभावना है। बारिश अलर्ट के बाद जिला प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है।
वहीं राज्य के संवेदनशील इलाकों में हल्के से मध्यम भूस्खलन, चट्टान गिरने की घटनाएं हो सकती है। मलबा आने से सड़कें भी प्रभावित हुई हैं। नदियों में जलधारा की गति बढ़ गई है,जिससे निचले इलाकों में जलभराव का भी खतरा बढ़ गया है। वहीं, देहरादून, नैनीताल, हल्द्वानी, उत्तरकाशी, पौड़ी, अल्मोड़ा, बागेश्वर, चंपावत आदि जिलों में बारिश का दौर जारी है।
आपको बता दें कि देहरादून जिले में किशननगर के सैयद मोहल्ले में छोटी बिंदाल नदी ने कहर बरपाया है। कई लोगों के घरों में बारिश का पानी घुस गया है। लगातार हो रही बारिश अब लोगो के लिए आफत बन गई है।