पन्ना। भारत सरकार के ‘ज्ञान भारतम’ अभियान के तहत प्राचीन हस्तलिखित पांडुलिपियों की खोज और संरक्षण का कार्य तेज़ी से जारी है। इसी क्रम में पन्ना शहर के धाम मोहल्ला स्थित प्राचीन पार्श्वनाथ दिगंबर बड़ा जैन मंदिर में कई दुर्लभ धार्मिक पांडुलिपियां और कपड़े पर बना प्राचीन माड़ना (तेरह दीप का मानचित्र) मिला है।
पन्ना कलेक्टर ऊषा परमार के निर्देश पर गठित समिति ने जिला पंचायत सीईओ उमराव सिंह मरावी के नेतृत्व में मंदिर का निरीक्षण किया। समिति के सदस्य मुकेश पाण्डेय और मनोज पाण्डेय ने मंदिर समिति के अध्यक्ष नरेंद्र जैन एवं अभिषेक जैन के सहयोग से प्राचीन ग्रंथों का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान मिली पांडुलिपियों को ‘ज्ञान भारतम’ मोबाइल एप के माध्यम से स्कैन कर अपलोड किया गया। इन ग्रंथों में विभिन्न धार्मिक विधान, पुराण, पूजा-पद्धति और अन्य महत्वपूर्ण हस्तलिखित दस्तावेज शामिल हैं। साथ ही कपड़े पर बना प्राचीन तेरह दीप का माड़ना भी विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।

कलेक्टर ऊषा परमार ने जिले के नागरिकों, परिवारों और संस्थाओं से अपील की है कि यदि उनके पास प्राचीन हस्तलिखित पांडुलिपियां सुरक्षित हैं, तो वे भी ‘ज्ञान भारतम’ मोबाइल एप पर उनकी जानकारी अपलोड करें। प्रत्येक पांडुलिपि के कम से कम तीन पृष्ठों की तस्वीर अपलोड करने के बाद विशेषज्ञ उसकी जांच करेंगे। प्रमाणिक पाए जाने पर संबंधित पांडुलिपियों का संरक्षण और डिजिटाइजेशन किया जाएगा।