सिंहस्थ 2028 को लेकर उज्जैन में तैयारियां लगातार तेज होती जा रही हैं। करोड़ों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन को देखते हुए अब रेलवे पुलिस ने भी हाईटेक प्लान तैयार करना शुरू कर दिया है। उज्जैन रेलवे स्टेशन सहित आसपास के सैटेलाइट स्टेशनों पर सैकड़ों नए AI आधारित कैमरे लगाए जाएंगे। जिनकी मदद से भीड़, ट्रेनों की आवाजाही और सुरक्षा व्यवस्था पर रियल टाइम निगरानी रखी जाएगी।

उज्जैन में आयोजित होने वाले सिंहस्थ महापर्व 2028 को लेकर रेलवे सुरक्षा बल यानी RPF और रेलवे प्रशासन ने संयुक्त रूप से तैयारियां शुरू कर दी हैं। रेलवे पुलिस निरीक्षक नरेंद्र यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे स्टेशन और सैटेलाइट स्टेशनों की सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह हाईटेक बनाया जा रहा है। इसके तहत उज्जैन रेलवे स्टेशन सहित करीब 6 नए सैटेलाइट स्टेशनों पर लगभग 600 से 700 नए कैमरे लगाए जाएंगे। वर्तमान में उज्जैन स्टेशन पर 102 कैमरे लगे हुए हैं। लेकिन सिंहस्थ को देखते हुए यहां 200 से अधिक अतिरिक्त कैमरे और लगाए जाएंगे।

इसके अलावा अन्य स्टेशनों पर भी 70 से 80 नए कैमरे लगाए जाने की तैयारी है। खास बात यह है कि इनमें AI यानी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित स्मार्ट कैमरों का उपयोग किया जाएगा।रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, ये कैमरे ओवरक्राउडिंग की पहचान, ट्रेन मूवमेंट मॉनिटरिंग, ट्रैक और व्हीकल डिटेक्शन जैसे कई एडवांस फीचर्स से लैस होंगे। जिससे किसी भी आपात स्थिति या भीड़ के दबाव को तुरंत कंट्रोल किया जा सकेगा।

सिंहस्थ के दौरान रेलवे का एक विशेष मास्टर कंट्रोल रूम भी बनाया जाएगा। जहां से पूरे रेलवे नेटवर्क और स्टेशन परिसर की लाइव मॉनिटरिंग की जाएगी। इसकी तैयारियां अभी से शुरू कर दी गई हैं। रेलवे पुलिस का कहना है कि सिंहस्थ 2028 में करोड़ों श्रद्धालुओं के आगमन की संभावना है। ऐसे में सुरक्षा, निगरानी और भीड़ प्रबंधन को तकनीक के जरिए मजबूत करना प्राथमिकता में शामिल है।
उज्जैन में सिंहस्थ की तैयारियों को लेकर प्रशासन, रेलवे, पुलिस और अन्य विभाग लगातार समन्वय के साथ काम कर रहे हैं। ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम यात्रा का अनुभव मिल सके।
उज्जैन से संवाददाता प्रियंक की रिपोर्ट