हाथरस की घटना पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने एक बार फिर यूपी सरकार और यूपी पुलिस पर हमला किया है।कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने हाथरस की घटना को लेकर कहा है कि बहुत से भारतीय दलित, मुस्लिम और आदिवासियों को मानव नहीं मानते हैं। यह शर्मनाक है।
राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा है कि शर्मनाक सच्चाई यह है कि कई भारतीय दलित, मुस्लिम और आदिवासियों को मानव नहीं मानते हैं। CM और उनकी पुलिस का कहना है कि किसी का बलात्कार नहीं किया गया क्योंकि उनके लिए, और कई अन्य भारतीयों के लिए वह NO ONE थी।
राहुल ने जिस लेख को साझा किया है उसमें बताया गया है कि कैसे पीड़िता ऊंची जाति के पड़ोसियों द्वारा अपने साथ जबरदस्ती किए जाने के बारे में बता रही थी। 14 दिनों तक जिंदगी और मौत से लड़ने के बाद पीड़िता ने दम तोड़ दिया और उसका आधी रात को अंतिम संस्कार कर दिया गया। इसके बाद राज्य सरकार ने कहा कि उसके साथ कोई दुराचार नहीं किया गया था।

छह अक्तूबर को राहुल से हाथरस की घटना और उनके साथ और प्रियंका गांधी के साथ हुई धक्का-मुक्की को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा था, ‘हम जनता के सेवक हैं। हमारा काम जनता की और किसानों की सेवा करना है। इसे निभाते हुए अगर हमारे साथ धक्का-मुक्की होती है तो हम इसे सह लेंगे।’
उन्होंने कहा था कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा दिया गया असली धक्का हाथरस के परिवार को लगा है। उन्हें वहां के जिलाधिकारी द्वारा धमकाया गया। इसलिए मैं उस परिवार से मिलने गया। मैं चाहता था कि उस परिवार को यह ना महसूस हो कि वह अकेले हैं। हम उनके लिए खड़े हैं।