1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. राहुल गांधी ने चिराग को चिट्ठी लिख जताया दुख: कहा- गरीबों और कमजोरों की आवाज थे राम विलास पासवान

राहुल गांधी ने चिराग को चिट्ठी लिख जताया दुख: कहा- गरीबों और कमजोरों की आवाज थे राम विलास पासवान

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
राहुल गांधी ने चिराग को चिट्ठी लिख जताया दुख: कहा- गरीबों और कमजोरों की आवाज थे राम विलास पासवान

बिहार के दिग्गज नेता और केंद्र सरकार में मंत्री रामविलास पासवान का बीती शाम निधन हो गया है। रामविलास पासवान काफी वक्त से बीमार थे और अस्पताल में ही भर्ती थे। शुक्रवार को उनके पार्थिव शरीर को 12 जनपथ स्थित आवास पर लाया गया, जबकि शनिवार को पटना में रामविलास पासवान का अंतिम संस्कार किया जाएगा। देश के तमाम बड़े नेता रामविलास पासवान को श्रद्धांजलि दे रहे हैं। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी चिराग पासवान को चिट्ठी लिखी कर सांत्वना प्रकट की है।

राहुल गांधी ने चिट्ठी में लिखी, ‘मैं इस मुश्किल घड़ी में आपके और परिवार के प्रति गहरी संवेदना प्रकट करता हूं।’ रामविलास पासवान का गुरुवार को निधन हो गया। वह 74 वर्ष के थे। लोजपा के संस्थापक और उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री पासवान कई सप्ताह से यहां के एक अस्पताल में भर्ती थे। हाल ही में उनके हृदय की सर्जरी हुई थी।

राहुल गांधी ने कहा, ‘पांच दशकों से अधिक के अपने उत्कृष्ट सार्वजनिक जीवन में उन्होंने सबसे वंचित तबकों को आवाज दी और गरीबों एवं कमजोरों के अधिकारों की रक्षा की. सांसद और मंत्री के तौर पर उन्होंने इन तबकों के हितों एवं चिंताओं को पुरजोर आवाज प्रदान की.’

उनके सम्मान में शुक्रवार को राजकीय शोक की घोषणा की गयी है और इस दौरान तिरंगा आधा झुका हुआ है।समाजवादी आंदोलन के स्तंभों में से एक पासवान बाद के दिनों में बिहार के प्रमुख दलित नेता के रूप में उभरे और जल्दी ही राष्ट्रीय राजनीति में अपनी विशेष जगह बना ली। 1990 के दशक में अन्य पिछड़ा वर्ग के आरक्षण से जुड़े मंडल आयोग की सिफारिशों को लागू करवाने में पासवान की भूमिका महत्वपूर्ण रही है।

शुक्रवार को रामविलास पासवान के पार्थिव शरीर को उनके आवास पर अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। जहां राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत देश के बड़े नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि दी। शुक्रवार शाम को ही रामविलास पासवान के पार्थिव शरीर को पटना ले जाया जाएगा, जहां शनिवार को अंतिम संस्कार होना है। इस दौरान केंद्र सरकार की ओर से रविशंकर प्रसाद प्रतिनिधि के तौर पर मौजूद रहेंगे।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...