1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. जेवर के सरकारी स्कूल में मिड-डे मील और व्यवस्थाओं पर उठे सवाल, छात्रों ने कलेक्टर से की कार्रवाई की मांग

जेवर के सरकारी स्कूल में मिड-डे मील और व्यवस्थाओं पर उठे सवाल, छात्रों ने कलेक्टर से की कार्रवाई की मांग

टीकमगढ़ के जेवर गांव स्थित शासकीय माध्यमिक एकीकृत विद्यालय में मिड-डे मील की गुणवत्ता और स्कूल परिसर की अव्यवस्थाओं को लेकर छात्रों व ग्रामीणों ने कलेक्टर से शिकायत की है। प्रशासन ने जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा दिया है।

By: Nivedita 
Updated:
जेवर के सरकारी स्कूल में मिड-डे मील और व्यवस्थाओं पर उठे सवाल, छात्रों ने कलेक्टर से की कार्रवाई की मांग

टीकमगढ़ जिले के लिधौरा तहसील अंतर्गत ग्राम पंचायत जेवर के शासकीय माध्यमिक एकीकृत विद्यालय में मध्याह्न भोजन योजना और स्कूल परिसर की व्यवस्थाओं को लेकर शिकायत सामने आई है। विद्यालय के छात्रों मयंक कुशवाहा और अयान खान ने टीकमगढ़ कलेक्टर को आवेदन सौंपकर मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।

मिड-डे मील की गुणवत्ता को लेकर शिकायत

छात्रों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि विद्यालय में बच्चों को तय मीनू के अनुसार भोजन उपलब्ध नहीं कराया जा रहा है। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता और मात्रा पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि मध्याह्न भोजन योजना में कथित अनियमितताओं के कारण विद्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि बच्चों के स्वास्थ्य और पोषण को ध्यान में रखते हुए योजना का सही तरीके से संचालन होना जरूरी है।

स्कूल परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था पर सवाल

जेवर के शंकरजी खिरक स्थित शासकीय स्कूल परिसर में भी अव्यवस्थाओं के आरोप लगाए गए हैं। ग्रामीण दीनदयाल कुशवाहा ने बताया कि विद्यालय भवन और शौचालय के आसपास झाड़ियां उग आई हैं तथा साफ-सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं है। उन्होंने प्रशासन से स्कूल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं में सुधार कराने की मांग की है।

 

सड़क समस्या को लेकर ग्रामीणों ने उठाई आवाज

इसी क्षेत्र में ग्रामीण अरुण प्रताप सिंह कुशवाहा ने सड़क की खराब स्थिति को लेकर भी अपनी समस्या सामने रखी है। उनका कहना है कि जर्जर सड़क के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी होती है, वहीं बारिश के मौसम में समस्या और बढ़ जाती है।

जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा

मामले को लेकर लिधौरा तहसीलदार डॉ. अनिल गुप्ता ने बताया कि संबंधित पटवारी को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि वे स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण करेंगे। जांच में शिकायतें सही पाए जाने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...