1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. पन्ना में आशा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, मानदेय और लंबित भुगतान को लेकर कलेक्ट्रेट का घेराव

पन्ना में आशा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, मानदेय और लंबित भुगतान को लेकर कलेक्ट्रेट का घेराव

पन्ना में आशा और आशा पर्यवेक्षक कार्यकर्ताओं ने मानदेय, लंबित भुगतान और अन्य समस्याओं को लेकर आक्रोश रैली निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं ने नियमित भुगतान, वेतन वृद्धि और सम्मानजनक मासिक मानदेय की मांग करते हुए चेतावनी दी कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज किया जाएगा।

By: Nivedita 
Updated:
पन्ना में आशा कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, मानदेय और लंबित भुगतान को लेकर कलेक्ट्रेट का घेराव

पन्ना। मध्य प्रदेश में मानदेय, समय पर भुगतान और विभिन्न समस्याओं को लेकर आशा एवं आशा पर्यवेक्षक कार्यकर्ताओं का आक्रोश सोमवार को पन्ना में देखने को मिला। म.प्र. आशा/आशा सहयोगी श्रमिक संघ के बैनर तले सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने पुरानी कचहरी से कलेक्ट्रेट तक रैली निकालकर अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया। इसके बाद मुख्यमंत्री के नाम कलेक्टर को 16 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा गया।

कम मानदेय और भुगतान में देरी से नाराज कार्यकर्ता

प्रदर्शनकारी कार्यकर्ताओं का कहना है कि वे स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं में लगातार महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्हें केवल 6 हजार रुपये मासिक मानदेय दिया जा रहा है। साथ ही वर्ष 2023 से घोषित 1 हजार रुपये की वार्षिक वेतन वृद्धि का लाभ भी अब तक नहीं मिला है।

 

मनमानी कटौती और अतिरिक्त कार्य का लगाया आरोप

आशा कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि कई-कई महीनों तक मानदेय का भुगतान नहीं किया जाता और बिना सैलरी स्लिप दिए राशि में कटौती कर दी जाती है। इसके अलावा आयुष्मान कार्ड जैसे गैर-विभागीय कार्यों का दबाव बनाया जाता है और काम नहीं करने पर नौकरी से हटाने की चेतावनी भी दी जाती है।

16 सूत्रीय मांगों पर जल्द निर्णय की मांग

संघ ने अपनी प्रमुख मांगों में हर महीने की 5 तारीख तक नियमित भुगतान, सैलरी स्लिप उपलब्ध कराने, आशा कार्यकर्ताओं के लिए 26 हजार रुपये और आशा पर्यवेक्षकों के लिए 35 हजार रुपये न्यूनतम मासिक वेतन निर्धारित करने सहित अन्य मांगों को शामिल किया है। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।

 

रिपोर्ट – राजेश रावत 

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...