पिछले कुछ समय से यूपी में महिला अपराध में तेजी आ रही है। हाथरस की घटना के बाद से ही योगी सरकार विपक्ष के निशाने पर है। इसी को लेकर आज कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने बीजेपी पर जमकर हमला बोला है।
प्रियंका गांधी ने ट्वीट किया, उत्तर प्रदेश में पिछले एक हफ्ते में महिलाओं के खिलाफ अपराध की 13 भयावह घटनाएं घटी। खबरों के अनुसार 4 घटनाओं में पीड़िता की हत्या कर दी गई या पीड़िताओं ने आत्महत्या कर ली।’
उन्होंने कहा कि महिला सुरक्षा की ये दुर्गति विचलित करती है। सीएम साहब को इसपर ‘स्पेशल सेशन’ करने का समय नहीं, हां फोटोसेशन चालू है।
प्रियंका गांधी ने अपने ट्वीट के साथ एक फोटो साझा की है जिसमें 9 अक्टूबर से लेकर 15 अक्टूबर यानी एक सप्ताह में राज्य में हुई घटनाओं को दर्शाया हुआ है।
यूपी में पिछले एक हफ्ते में महिलाओं के खिलाफ अपराध की 13 भयावह घटनाएं घटी। खबरों के अनुसार 4 घटनाओं में पीड़िता की हत्या कर दी गई या पीड़िताओं ने आत्महत्या कर ली।
महिला सुरक्षा की ये दुर्गति विचलित करती है। सीएम साहब को इसपर ‘स्पेशल सेशन’ करने का समय नहीं, हाँ फोटोसेशन चालू है। pic.twitter.com/FDW9NppDmI
— Priyanka Gandhi Vadra (@priyankagandhi) October 16, 2020
बता दें कि हाथरस के एक गांव में 14 सितंबर को 19 साल की दलित लड़की से चार लड़कों ने कथित रूप से सामूहिक दुष्कर्म किया था। इस लड़की की 29 सितंबर को दिल्ली के सफदरजंग अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गयी थी।
पीड़ित की 30 सितंबर को रात के अंधेरे में उसके घर के पास ही अंतिम संस्कार कर दिया गया था। उसके परिवार का आरोप है कि स्थानीय पुलिस ने जल्द से जल्द उसकी अंत्येष्टि करने के लिये मजबूर किया। स्थानीय पुलिस अधिकारियों का कहना था कि परिवार की इच्छा के अनुसार ही अंतिम संस्कार किया गया।