विदिशा जिला भाजपा कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान प्रदेश सरकार की राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने हाल ही में पेश किए गए आम बजट को देश के भविष्य के लिए दूरदर्शी बताते हुए कहा कि यह बजट वर्ष 2047 के लक्ष्य को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य भारत को विकसित देशों की श्रेणी में खड़ा करना है और यह बजट उसी दिशा में एक मजबूत कदम है।
राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि आम बजट को समाज के हर वर्ग और तबके की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया गया है। इसमें महिलाओं, किसानों, छात्रों और व्यापारियों के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं, जिससे सभी को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा जा सके। उन्होंने कहा कि यह बजट समावेशी विकास का प्रतीक है।
उन्होंने बजट को देश की तरक्की की एक महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए कहा कि इससे आर्थिक मजबूती के साथ-साथ सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी। केंद्र सरकार की योजनाएं और बजट के प्रावधान आम जनता तक प्रभावी रूप से पहुंच रहे हैं और आने वाले समय में इसका लाभ और व्यापक स्तर पर देखने को मिलेगा।
राज्यमंत्री ने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार की नीतियां और बजट से जुड़ी योजनाएं जमीनी स्तर तक पहुंचेंगी। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता यही है कि विकास का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे और भारत 2047 तक एक सशक्त एवं विकसित राष्ट्र के रूप में उभरे।