शिवपुरी में 5 जुलाई को प्रस्तावित मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया के दौरे को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। कार्यक्रम के सफल आयोजन को सुनिश्चित करने के लिए प्रदेश के ऊर्जा मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने पोलो ग्राउंड पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
प्रस्तावित कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री शिवपुरी को करीब 2500 करोड़ रुपये के निवेश से स्थापित होने वाली ऑर्डिनेंस फैक्ट्री की सौगात देंगे। इसे जिले के औद्योगिक विकास और रोजगार सृजन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट अर्पित वर्मा के साथ कार्यक्रम की रूपरेखा, मंच व्यवस्था, बैठक प्रबंधन और अन्य तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं तय समयसीमा के भीतर पूरी की जाएं, ताकि कार्यक्रम का आयोजन व्यवस्थित और गरिमापूर्ण तरीके से हो सके।
प्रद्युम्न सिंह तोमर ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए यातायात, पेयजल, स्वच्छता और स्वास्थ्य सेवाओं की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए।

प्रभारी मंत्री ने पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भूटिया के साथ सुरक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर भी विस्तृत चर्चा की। उन्होंने प्रोटोकॉल के अनुरूप सभी सुरक्षा प्रबंध मजबूत रखने और कार्यक्रम के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के बाद प्रभारी मंत्री ने शहर में भ्रमण कर नागरिकों को पारंपरिक तरीके से पीले चावल देकर कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया। इस दौरान शिवपुरी विधायक देवेंद्र जैन, जिला पंचायत अध्यक्ष नेहा अमित यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष जसमंत जाटव सहित जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।