1. हिन्दी समाचार
  2. Health
  3. प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के 10 वर्ष पूरे, गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित

प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के 10 वर्ष पूरे, गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित

प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के 10 वर्ष पूरे होने पर रोहतास जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों और 281 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए गए। गर्भवती महिलाओं की जांच और स्वास्थ्य परामर्श दिया गया।

By: BS Yadav 
Updated:
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के 10 वर्ष पूरे, गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित

सासाराम (रोहतास): प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान (PMSMA) के सफलतापूर्वक 10 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रोहतास जिले में व्यापक स्तर पर विशेष स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया। जिला मुख्यालय सासाराम स्थित सदर अस्पताल सहित जिले के सभी 281 आयुष्मान आरोग्य मंदिरों और विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित इस अभियान में बड़ी संख्या में गर्भवती महिलाओं ने भाग लिया।

“सुरक्षित गर्भावस्था, स्वस्थ माँ – सशक्त भारत” थीम पर आयोजित इस विशेष कार्यक्रम के तहत गर्भवती महिलाओं की स्वास्थ्य जांच की गई। साथ ही उन्हें आयरन एवं फोलिक एसिड की दवाएं वितरित की गईं तथा आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया गया। अभियान के दौरान हाई रिस्क प्रेग्नेंसी की पहचान और समय पर उपचार सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया गया।

स्वास्थ्यकर्मियों ने गर्भवती महिलाओं को नियमित प्रसव पूर्व जांच (ANC), संतुलित एवं पौष्टिक आहार, समय पर टीकाकरण तथा संस्थागत प्रसव के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इसके अलावा गर्भावस्था के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों और सरकार द्वारा उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं के प्रति भी जागरूक किया गया।

ad

ad

इस अवसर पर रोहतास के सिविल सर्जन डॉ. मणिराज रंजन ने कहा कि प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान ने पिछले एक दशक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने में अहम भूमिका निभाई है। उन्होंने बताया कि इस अभियान के माध्यम से गर्भवती महिलाओं की नियमित स्वास्थ्य जांच, हाई रिस्क गर्भावस्था की समय रहते पहचान और आवश्यक चिकित्सीय देखभाल सुनिश्चित की जा रही है।

डॉ. रंजन ने कहा कि समय पर जांच और उचित उपचार के कारण मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने में इस अभियान ने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने जिले की सभी गर्भवती महिलाओं से नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और स्वास्थ्य विभाग द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के अनुसार अभियान का उद्देश्य प्रत्येक गर्भवती महिला तक गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना और सुरक्षित मातृत्व को बढ़ावा देना है, ताकि स्वस्थ माँ और स्वस्थ शिशु के माध्यम से सशक्त भारत के लक्ष्य को साकार किया जा सके।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...