प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शानिवार को दो दिवसीय दौरे के लिए कोलकाता पहुंच रहे हैं। शाम को पीएम मोदी और पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की राजभवन में मुलाकात होगी। पीएम मोदी की यात्रा को देखते हुए बड़ी संख्या में छात्रों ने प्रदर्शन का फैसला किया है।
पीएम मोदी की यह यात्रा ऐसे समय पर हो रही है जब केंद्र सरकार ने नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) लागू कर दिया है, और दीदी सीएए का पुरजोर विरोध कर रही हैं।
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, शनिवार को शाम करीब चार बजे प्रधानमंत्री के शहर पहुंचने के बाद दोनों नेताओं के बीच बैठक होगी। लेकिन अभी तक बैठक के अजेंडे का खुलासा नहीं किया गया है। छात्रों के प्रदर्शन को देखते हुए राजभवन के आसपास धारा 144 लगा दी गई है।
वहीं राजभवन और एयरपोर्ट के आसपास भारी संख्या में सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। पीएम मोदी अगर सड़क मार्ग से राजभवन जाते हैं तो उसके लिए एयरपोर्ट से राजभवन तक पूरी सड़क पर बैरिकेडिंग कर दी गई है। पूरी सड़क पर सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।

आपको बताते चलें कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के दौरे की जानकारी ट्विट कर दी है। पीएम ने लिखा, पश्चिम बंगाल के दो दिवसीय दौरे के लिए मैं काफी उत्साहित हूं। इस दौरान मुझे स्वामी विवेकानंद जयंती के मौके पर रामकृष्ण मिशन जाने का भी मौका मिलेगा।

साथ ही उन्होंने आगे लिखा कि, स्वामी विवेकानंद के स्थान पर कुछ खास है। यही नहीं पीएम मोदी ने रामकृष्ण मिशन के ही स्वामी आत्मास्थानंद को याद करते हुए दूसरे ट्विट में लिखा कि, इस मौके पर उनकी कमी खलेगी। उन्होंने ही मुझे जन सेवा ही प्रभु सेवा की सीख दी थी।