वित्तमंत्री निर्मला सीतारमण ने शनिवार को लोकसभा में बजट पेश किया। बजट के पेश होने के बाद विपक्ष पार्टी के नेताओं ने भारतीय जनता पार्टी को घेरना शुरू कर दिया। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आई.पी सिंह ने कई ट्वीट कर बीजेपी सरकार पर निशाना साधा।
उन्होंने अपने ट्वीट में लिखा कि, कॉमेडी आफ्टरनून विद वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण। इसके साथ ही एसपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने कहा कि, पांच नई स्मार्ट सिटी की घोषणा? अरे निर्मला जी, इसे बजट सत्र की जगह कॉमेडी ऑफ्टरनून विद निर्मला सीतारमण का नाम दिया जाना चाहिए था।
वहीं आई.पी. सिंह ने अपने दूसरे ट्वीट में लिखा कि, प्रधानमंत्री शिक्षा बजट 94 हजार करोड़ से 99 हजार करोड़ की कर पाए। इतना छोटा दिल क्यों दिखा रहे हैं पीएम मोदी छात्रों के लिए। छात्रों के विकास के बिना देश का विकास होगा? अमेरिका क्या मूर्ख है, जो जीडीपी का अहम हिस्सा शिक्षा पर खर्च करता है? खैर, जो खुद कभी पढ़ा न हो।
इसके साथ ही सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता ने एक के बाद एक कई ट्वीट कर बीजेपी सरकार पर तीखी टिप्पणी की। अपने ट्वीट में लिखा कि, सभी लोग मिलकर नरेंद्र मोदी जिंदाबाद के नारे लगाते हुए
सदन से ही दिल्ली चुनाव का प्रचार शुरू कर दीजिए। देश को बांटिए और चुनाव जीतने का प्रयास तेज करिए।