प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बनारस रेलवे स्टेशन पर वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाते हुए काशीवासियों के लिए एक और सौगात दी। इस अवसर पर उन्होंने स्कूली बच्चों से मुलाकात की और उनके साथ संवाद भी किया। कार्यक्रम के दौरान एक छात्र ने प्रधानमंत्री मोदी के समक्ष “विकसित भारत” विषय पर अपनी कविता प्रस्तुत की, जिसे सुनकर प्रधानमंत्री मुस्कुराए और बच्चे की जमकर तारीफ की।
अपने संबोधन में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि काशी के बच्चों की प्रतिभा देश भर में पहचान बना रही है। उन्होंने कहा, “काशी के सांसद के रूप में मुझे गर्व है कि मेरे शहर के बच्चे इतने प्रतिभाशाली हैं। वंदे भारत ट्रेनों के उद्घाटन के दौरान विद्यार्थियों ने ‘विकसित भारत’ पर सुंदर कविताएं और चित्र प्रस्तुत किए।” उन्होंने आगे कहा कि वह चाहते हैं कि इन बच्चों का कवि सम्मेलन काशी में आयोजित किया जाए और कुछ बच्चों को देशभर में अपने विचार साझा करने का अवसर दिया जाए।
प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि विकसित भारत के निर्माण में काशी की भूमिका अग्रणी रहेगी। उन्होंने काशी की ऊर्जा और गति बनाए रखने का आह्वान किया, ताकि “भव्य काशी, समृद्ध काशी” का सपना पूरा हो सके।पीएम मोदी से मुलाकात के बाद छात्र-छात्राओं के चेहरों पर उत्साह और गर्व झलक रहा था। सभी ने अपने अनुभव साझा किए और कहा कि यह पल उनके जीवन की सबसे बड़ी याद बन गया।