1. हिन्दी समाचार
  2. देश
  3. पीएम मोदी ने जेपी और नानाजी देशमुख की जयंती पर दी श्रद्धांजलि

पीएम मोदी ने जेपी और नानाजी देशमुख की जयंती पर दी श्रद्धांजलि

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
पीएम मोदी ने जेपी और नानाजी देशमुख की जयंती पर दी श्रद्धांजलि

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘लोक नायक’ जयप्रकाश नारायण और नानाजी देशमुख को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि दी। लोकनायक जयप्रकाश नारायण की आज 118वीं जयंती है।

बिहार चुनाव से पहले जेपी की जयंती पर उन्हें याद करते हुए प्रधानमंत्री ने ट्वीट कर कहा, “मैं लोकनायक जेपी के आगे उनकी जयंती पर शीश झुकाता हूं। वह भारत की आजादी के लिए बहादुरी से लड़े और जब हमारी लोकतांत्रिक परंपराएं खतरे में थीं तो उन्‍होंने उनकी रक्षा के लिए एक जनआंदोलन चलाया। उनके लिए राष्‍ट्रहित और लोक कल्‍याण से ऊपर कुछ नहीं था।”

पीएम ने देशमुख के लिए लिखा, “महान नानाजी देशमुख लोकनायक जेपी के परम शिष्‍यों में से एक थे। उन्‍होंने जेपी के विचारों और आदर्शों को लोकप्रिय बनाने के लिए अनथक परिश्रम किया। ग्रामीण विकास के प्रति उनका काम हमें प्रेरित करता है।” मोदी सरकार ने 2019 में देशमुख को भारत रत्‍न से सम्‍मानित किया था। आप को बता दे कि आज नानाजी देशमुख की आज 103वीं जयंती है।

पीएम मोदी ने मन की बात के पिछले संस्‍करण में दोनों महापुरुषों का जिक्र किया था। भारत को गर्व है कि लोकनायक जेपी और नानाजी देशमुख जैसे दिग्गज इस भूमि में पैदा हुए। आज का दिन हमारे राष्ट्र के लिए उनकी दृष्टि को पूरा करने की दिशा में अपने आप को समर्पित करने का दिन है।

मोदी ने कहा था कि ‘जेपी ने हमारे लोकतांत्रिक मूल्‍यों की रक्षा में अहम योगदान किया। भारत रत्‍न नानाजी देशमुख जेपी के बड़े निकट साथी थे। पटना में उनपर (जेपी) प्राणघातक हमला किया गया था। नानाजी ने वो हमला अपने ऊपर ले लिया। इस हमले में नानाजी को काफी चोटें आईं लेकिन वह जेपी को बचाने में कामयाब रहे।’

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत को गर्व है कि लोकनायक जेपी और नानाजी देशमुख जैसी महान विभूतियों ने इस धरती पर जन्म लिया। आज का दिन देश के प्रति उनके आदर्शों के लिए अपने आप को समर्पित करने का दिन है। ताकि उन्होंने जो सपना देखा था उसे पूरा किया जा सके।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...