रोहतास जिले के सासाराम स्थित बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस (बीएसएपी) महिला बटालियन बेदा में बक्सर और सहरसा जिला बल की 321 प्रशिक्षु महिला सिपाहियों की पासिंग आउट परेड का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद सभी महिला सिपाहियों ने अनुशासन और आत्मविश्वास के साथ परेड में हिस्सा लिया।
समारोह में शाहाबाद प्रक्षेत्र के डीआईजी डॉ. सत्य प्रकाश ने परेड का निरीक्षण किया और राष्ट्रीय सलामी ली। इसके बाद उन्होंने सभी प्रशिक्षु महिला सिपाहियों को कर्तव्यनिष्ठा की शपथ दिलाई।
परेड के दौरान बेहतरीन प्रदर्शन करने वाली नव आरक्षियों को सम्मानित भी किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा और पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

कमांडेंट मनोज कुमार ने बताया कि प्रशिक्षण के दौरान महिला सिपाहियों को शारीरिक दक्षता, हथियार संचालन, कानून-व्यवस्था, आपदा प्रबंधन और अन्य कानूनी प्रक्रियाओं का विस्तृत प्रशिक्षण दिया गया है।