बुरहानपुर जिले की रेणुका कृषि उपज मंडी में किसानों के साथ खुली लूट का मामला सामने आया है। यहां नियम के अनुसार तोल कांटे पर प्रति ट्रॉली ₹20 शुल्क निर्धारित है, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल अलग नजर आ रही है। किसानों से ₹30 तक वसूले जा रहे हैं, यानी हर ट्रॉली पर ₹10 अतिरिक्त लेकर उनकी जेब पर सीधा वार किया जा रहा है। दिनभर में सैकड़ों ट्रॉलियों की आवक के चलते यह अवैध वसूली हजारों रुपए तक पहुंच रही है।
जब हमारी टीम मौके पर पहुंची, तो मंडी की अव्यवस्थाएं साफ दिखाई दीं। तोल कांटे पर लंबी कतारें लगी थीं और किसान घंटों इंतजार करने को मजबूर थे। इस बीच उनसे तय शुल्क से ज्यादा राशि वसूली जा रही थी।
ग्राउंड रिपोर्टिंग के दौरान किसान अनीस और मोहम्मद ने खुलकर बताया कि उनसे ₹30 वसूले गए। उन्होंने यह भी कहा कि कई किसानों को सही शुल्क की जानकारी ही नहीं है, जिससे वे अनजाने में इस अवैध वसूली का शिकार हो रहे हैं। यह स्थिति किसानों की आर्थिक हालत पर अतिरिक्त बोझ डाल रही है।
वहीं, जब इस पूरे मामले को लेकर मंडी सचिव भूपेंद्र सिंह सोलंकी से सवाल किया गया, तो उन्होंने इस तरह की किसी भी अतिरिक्त वसूली से साफ इनकार कर दिया। उनका कहना है कि मंडी में निर्धारित शुल्क ही लिया जा रहा है। लेकिन जमीनी हकीकत और किसानों के बयान इससे बिल्कुल उलट तस्वीर पेश कर रहे हैं।
बुरहानपुर से संवाददाता राजवीर राठौर की रिपोर्ट