रिपोर्ट: नंदनी तोदी
देहरादून: कांग्रेस पार्टी की स्टूडेंट विंग, नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (NSUI) ने शुक्रवार को राजधानी देहरादून में बेरोजगारी के मुद्दे पर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने यहां तक कि मुख्यमंत्री निवास तक मार्च करने की कोशिश की, लेकिन पुलिस के एक मजबूत दल ने ऐसा करने से रोका।
बता दें, उत्तराखंड कांग्रेस के प्रभारी देवेंद्र यादव, प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के अध्यक्ष प्रीतम सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और पार्टी के अन्य वरिष्ठ नेता छात्रों के समर्थन में विरोध मार्च में शामिल हुए।
इससे पहले, बड़ी संख्या में छात्र राजीव भवन में एकत्रित हुए, जहाँ से उन्होंने सीएम के आवास तक मार्च किया। हालांकि छात्रों को पुलिस कर्मियों ने हाथीबडकला बैरियर पर रोक दिया। यहां छात्रों और पुलिस के बीच मामूली झड़प हुई।
इस अवसर पर एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीरज कुंदन ने कहा कि राज्य सरकार के पास युवाओं को बेरोजगारी प्रदान करने के लिए कोई नीति नहीं है। उन्होंने कहा कि रोजगार की तलाश में उत्तराखंड के युवाओं को दूसरे राज्यों में पलायन करना पड़ा।
वहीं एनएसयूआई की उत्तराखंड इकाई के अध्यक्ष मोहन भंडारी ने कहा कि राज्य के विभिन्न विभागों में बड़ी संख्या में पद खाली पड़े हैं। कांग्रेस नेताओं और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने बाद में गिरफ्तारी दी। उन्हें पुलिस लाइंस ले जाया गया जहां उन्हें बाद में छोड़ दिया गया।