1. हिन्दी समाचार
  2. मध्य प्रदेश
  3. चुनाव के बाद राहत नहीं, लोगों को मिली महंगाई की मारः जीतू पटवारी

चुनाव के बाद राहत नहीं, लोगों को मिली महंगाई की मारः जीतू पटवारी

श्री पटवारी ने कहा कि व्यावसायिक गैस सिलेंडर ₹3071 होने से सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ रहा है। होटल, ढाबों और छोटे व्यापारियों पर लागत बढ़ गई है, जिसका बोझ अब जनता को महंगे खाने-पीने के सामान के रूप में उठाना पड़ रहा है।

By: Naredra 
Updated:
चुनाव के बाद राहत नहीं, लोगों को मिली महंगाई की मारः जीतू पटवारी

भोपालः मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने देश में लगातार बढ़ती महंगाई, गैस सिलेंडर की कीमतों तथा आम जनता पर पड़ रहे आर्थिक बोझ को लेकर केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि चुनाव के समय जनता से बड़े-बड़े वादे किए गए थे और नारा दिया गया था। बहुत हुई महंगाई की मार, अबकी बार मोदी सरकार, लेकिन आज वही सरकार महंगाई को चरम पर पहुंचाने का काम कर रही है।

महंगाई नियंत्रंण करने में विफल रही केंद्र सरकार- जीतू पटवारी

श्री पटवारी ने कहा कि फरवरी माह से अब तक व्यावसायिक गैस सिलेंडर के दामों में ₹1,380 तक की बढ़ोतरी हुई है, जो केवल तीन महीनों में लगभग 81 प्रतिशत की वृद्धि है। इतनी कम अवधि में इतनी बड़ी वृद्धि यह दर्शाती है कि केंद्र सरकार महंगाई नियंत्रित करने में पूरी तरह विफल रही है। श्री पटवारी ने कहा कि जिन गैस सिलेंडरों की कीमतें पहले ₹400, ₹450, ₹700 और ₹800 के आसपास थीं, आज आम जनता रसोई गैस और व्यावसायिक गैस दोनों की महंगाई से त्रस्त है। उज्ज्वला योजना के नाम पर घर-घर उजाला देने की बात कही गई थी, लेकिन अब गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों ने गरीब और मध्यम वर्ग के घरों का बजट बिगाड़ दिया है।

गैस सिलेंडर को बोझ सीधे आम आदमी की जेब पर

श्री पटवारी ने कहा कि व्यावसायिक गैस सिलेंडर ₹3071 होने से सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ रहा है। होटल, ढाबों और छोटे व्यापारियों पर लागत बढ़ गई है, जिसका बोझ अब जनता को महंगे खाने-पीने के सामान के रूप में उठाना पड़ रहा है। जो समोसा पहले ₹10 में मिलता था, आज ₹20 में मिल रहा है। यही हाल चाय, नाश्ते और रोजमर्रा के अन्य सामानों का है। श्री पटवारी ने कहा कि देश में बेरोजगारी, महंगाई और आर्थिक संकट ने भयावह स्थिति पैदा कर दी है। युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा, व्यापार कमजोर हो रहा है और आम जनता महंगाई की मार से परेशान है।

आम जनता की आवाज बनकर लड़ेगी कांग्रेस- जीतू पटवारी

जीतू पटवारी ने आरोप लगाया कि देश में आर्थिक अव्यवस्था, बढ़ती बेरोजगारी और महंगाई के लिए यदि कोई जिम्मेदार है तो वह केंद्र की भारतीय जनता पार्टी सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। श्री पटवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता की आवाज बनकर इन जनविरोधी नीतियों के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी और आम नागरिकों को राहत दिलाने के लिए सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ेगी।

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...