सतना। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सतना में आयोजित विंध्य व्यापार मेले के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिले और पूरे विंध्य क्षेत्र के औद्योगिक विकास को लेकर कई अहम घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि सतना में 100 एकड़ भूमि पर नया इंडस्ट्रियल पार्क विकसित किया जाएगा, जिससे उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित होंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आज उद्योग, अंतरिक्ष, रक्षा और नवाचार के क्षेत्र में विश्व स्तर पर अपनी पहचान बना रहा है। इसी क्रम में मध्यप्रदेश सरकार भी उद्योग-व्यापार को गति देने के लिए सेक्टर आधारित रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव का आयोजन कर रही है। पहले कटनी में माइनिंग सेक्टर पर आधारित कॉन्क्लेव आयोजित हुई थी और अब सतना में एमएसएमई सेक्टर की रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव आयोजित की जाएगी। उन्होंने बताया कि केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने भी मध्यप्रदेश की इस पहल की सराहना की है।
मुख्यमंत्री ने विंध्य व्यापार मेले के सफल आयोजन के लिए सतनावासियों और व्यापारियों को बधाई देते हुए घोषणा की कि विंध्य चैंबर ऑफ कॉमर्स को 8 एकड़ भूमि प्रदान की जाएगी, ताकि व्यापार मेले का स्थायी और भव्य आयोजन हो सके। इसके साथ ही सतना में व्यापारिक गतिविधियों और सांस्कृतिक आयोजनों के लिए पीपीपी मोड पर गीता भवन के निर्माण की भी घोषणा की गई।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बीते दो वर्षों में विंध्य क्षेत्र में एयर कनेक्टिविटी को मजबूत किया गया है। सतना विमानतल की एयरस्ट्रिप को 1800 मीटर तक बढ़ाया जा रहा है, जिससे बड़े जेट विमान भी यहां उतर सकेंगे। चित्रकूट धाम और शारदा माता मंदिर जैसे धार्मिक स्थलों के कारण यह क्षेत्र धार्मिक पर्यटन के लिए भी महत्वपूर्ण है। सरकार ने हेली सेवा और पीएमश्री एयर एंबुलेंस जैसी सुविधाएं भी शुरू की हैं। नए साल से प्रदेश में सरकारी बस सेवा भी प्रारंभ की जाएगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य अगले पांच वर्षों में प्रदेश का बजट दोगुना कर लगभग 7 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाना है। युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के अवसर देने के लिए उद्योगों को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। होटल व्यवसाय में 30 प्रतिशत सब्सिडी, रोजगार आधारित उद्योगों में श्रमिकों के वेतन पर 5 हजार रुपये प्रति श्रमिक सहायता दी जा रही है। किसानों के लिए 90 प्रतिशत अनुदान पर सोलर पंप उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे उन्हें बिजली बिल और अस्थायी कनेक्शन से राहत मिल रही है।
सतना सांसद गणेश सिंह ने कहा कि सतना विंध्य क्षेत्र में जीएसटी कलेक्शन में अग्रणी जिला है और एमएसएमई सेक्टर की रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव यहां आयोजित होना समय की आवश्यकता है। विंध्य चैंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सतीश सुखेजा ने कहा कि विंध्य व्यापार मेला वर्ष 2000 से लगातार आयोजित हो रहा है और यह इसका 12वां संस्करण है, जिसमें 8 राज्यों के 250 से अधिक स्टॉल लगे हैं। उन्होंने व्यापार संवर्धन बोर्ड और भोपाल की तर्ज पर ग्लोबल स्किल डेवलपमेंट पार्क की स्थापना की मांग भी रखी।
कार्यक्रम में नगरीय विकास एवं आवास मंत्री और सतना प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय, राज्यमंत्री प्रतिमा बागरी, विधायक सुरेन्द्र सिंह गहरवार, महापौर योगेश ताम्रकार सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और व्यापारी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरकार उद्योग, व्यापार और निवेश के हर कदम पर उद्यमियों के साथ खड़ी है और सतना तथा पूरा विंध्य क्षेत्र आने वाले समय में औद्योगिक विकास का मजबूत केंद्र बनेगा।