उज्जैनः सिंहस्थ 2028 को लेकर तैयारियां अब जमीनी स्तर पर तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर उज्जैन में रेलवे, प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम लगातार निरीक्षण कर रही है। ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर और सुगम यात्रा सुविधा मिल सके।

विभिन्न रेलवे स्टेशनों का संयुक्त निरीक्षण
उज्जैन में सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत प्रशासनिक, पुलिस और रेलवे अधिकारियों ने संयुक्त रूप से शहर के विभिन्न रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया। यह निरीक्षण उज्जैन रेलवे स्टेशन से शुरू होकर पिंगलेश्वर, पंवासा, नईखेड़ी, विक्रम नगर, चिंतामणि और ताजपुर जैसे प्रमुख स्थानों तक किया गया। निरीक्षण के दौरान रेलवे द्वारा विकसित की जा रही यात्री सुविधाओं, प्लेटफॉर्म विस्तार, हॉल्टिंग पॉइंट्स और बुनियादी ढांचे का जायजा लिया गया।
पिंगलेश्वर में भी बनेगा नया हॉल्टिंग स्टेशन
खास बात यह है कि पिंगलेश्वर में भी एक नया हॉल्टिंग स्टेशन विकसित किया जाएगा, जिससे सिंहस्थ के दौरान यात्रियों का दबाव कम किया जा सके। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सभी स्टेशनों पर यात्री सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता और ट्रैफिक मैनेजमेंट को ध्यान में रखते हुए काम किया जा रहा है… ताकि लाखों श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण का मकसद परियोजनाओं को समय से पूरा करना
इस संयुक्त निरीक्षण का उद्देश्य सिर्फ निर्माण कार्यों की समीक्षा ही नहीं, बल्कि समय सीमा के भीतर सभी परियोजनाओं को पूरा करना भी है। साफ है कि इस बार सिंहस्थ 2028 को लेकर उज्जैन में रेलवे कनेक्टिविटी को भी बड़े स्तर पर मजबूत किया जा रहा है। ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर और सुगम यात्रा अनुभव मिल सके।
उज्जैन से संवाददाता प्रियंक की रिपोर्ट