बुरहानपुर जिले के नेपानगर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का पोस्टमार्टम कक्ष लंबे समय से बदहाली की स्थिति में है। कक्ष में दरवाजे और खिड़कियों की उचित व्यवस्था न होने के कारण यहां लाए जाने वाले शवों की सुरक्षा भी चुनौती बन गई है। यह स्थिति पिछले दो से तीन वर्षों से बनी हुई है।

स्थिति इतनी गंभीर है कि पोस्टमार्टम के दौरान पुलिसकर्मियों और परिजनों को शव के पास ही निगरानी के लिए रुकना पड़ता है। आशंका रहती है कि आवारा पशु या जंगली जानवर शव को नुकसान न पहुंचा दें। यह व्यवस्था स्वास्थ्य सेवाओं की गंभीर लापरवाही को उजागर करती है।

स्थानीय लोगों ने इस स्थिति पर नाराजगी जताते हुए प्रशासन से जल्द सुधार की मांग की है। उनका कहना है कि मृतकों की गरिमा से जुड़ी यह व्यवस्था बेहद संवेदनशील है, लेकिन लंबे समय से इस पर ध्यान नहीं दिया गया है।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नेपानगर के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. हिमांशु चौधरी ने बताया कि पोस्टमार्टम कक्ष की स्थिति की जानकारी उच्च अधिकारियों को दे दी गई है और जल्द ही समस्या के समाधान का आश्वासन मिला है।