1. हिन्दी समाचार
  2. बॉलीवुड
  3. Nawazuddin Siddiqui संग फिर से रहना चाहती हैं उनकी पत्नी आलिया, लीगल नोटिस भेज लगाए थे गंभीर इल्जाम

Nawazuddin Siddiqui संग फिर से रहना चाहती हैं उनकी पत्नी आलिया, लीगल नोटिस भेज लगाए थे गंभीर इल्जाम

By: RNI Hindi Desk 
Updated:
Nawazuddin Siddiqui संग फिर से रहना चाहती हैं उनकी पत्नी आलिया, लीगल नोटिस भेज लगाए थे गंभीर इल्जाम

रिपोर्ट- पल्लवी त्रिपाठी

मुंबई : नवाजुदीन सिद्दीकी और उनकी पत्नी आलिया सिद्दीकी उर्फ अंजलि पांडे के बीच अनबन की खबरें पिछले साल से सुर्खियों में बनी हुई हैं । जिसके चलते आलिया ने तलाक लेने के लिए नवाज को पिछले साल मई में नोटिस भेजा था । इस दौरान उन्होंने आलिया पर कई गंभीर आरोप भी लगाए थे । इसी बीच आलिया ने मीडिया से बातचीत में कुछ ऐसा कहा है, जिससे माना जा रहा है कि आलिया एक बार फिर सारे गिले शिकवे भुलाकर दोबारा नवाज के साथ रहना चाहती हैं ।

आलिया एक मीडिया चैनल को बताती हैं , “पिछले 10 दिनों से मैं कोरोना वायरस के संक्रमण से जूझ रही हूं । यही वजह है कि इस वक्त मैं मुम्बई में अपने घर में आइसोलेशन में रह ही हूं । ऐसे में मेरी 11 साल की बेटी सोरा और 6 साल का बेटा यानी की देखभाल खुद नवाज कर रहे हैं, जो इस वक्त लखनऊ में शूटिंग में व्यस्त हैं । वहां पर शूटिंग में बेहद बिजी होने के बावजूद भी नवाज दोनों बच्चों की अच्छी तरह से देखभाल कर रहे हैं। दोनों बच्चों के खाने-पीने से लेकर उनकी पढ़ाई-लिखाई और उनकी हर जरूरत का अच्छी तरह से ख्याल रख रहे हैं । इतना ही नहीं, वो मेरी तबीयत और मेरी तमाम जरूरतों को लेकर भी अक्सर मुझे फोन करते हैं. उनकी इन बातों से मैं काफी इम्प्रेस हूं। नवाज का ये वाला अंदाज देखकर मैं काफी खुश हूं । नवाज की यही बात मेरे दिल‌ को छू गई है । नवाज पहले अपने बच्चों पर कभी ध्यान नहीं दे पाते थे, मगर अब उनका ये बदला हुआ रूप देखकर मैं हैरत में हूं ।”

आलिया खुद के और नवाज के रिश्ते को एक और मौका देने के सवाल पर कहती हैं- “मैं और नवाज दोनों मिलकर हमारे बीच पैदा हुई तमाम परेशानियों को दूर करने की कोशिश करेंगे । आगे चलकर हम दोनों मिल-बैठकर अपनी तमाम गलतफहमियों को सुलझाएंगे । इसे लेकर हम दोनों में बातचीत हो रही है ।”

आपको बताते चलें कि आलिया ने नवाज पर उनके साथ बदतमीजी करने, उनकी और उनके बच्चों की उपेक्षा करने,‌ अलग रहने के बावजूद उनके और उनके बच्चों की जरूरतों को पूरा करने के लिए पूरे पैसे नहीं देने जैसे कई संगीन आरोप लगाए थे । जिसके चलते वो नवाज से तलाक लेना चाहती थी ।

Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...