1. हिन्दी समाचार
  2. दिल्ली
  3. केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से सांसद रवि किशन की शिष्टाचार भेंट, सहजनवा एलिवेटेड रोड परियोजना पर जताया आभार

केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से सांसद रवि किशन की शिष्टाचार भेंट, सहजनवा एलिवेटेड रोड परियोजना पर जताया आभार

सांसद रवि किशन ने केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से मुलाकात कर गोरखपुर की राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं पर चर्चा की। सहजनवा में ₹700 करोड़ की एलिवेटेड रोड परियोजना को मंजूरी मिलने पर आभार जताया।

By: BS Yadav 
Updated:
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से सांसद रवि किशन की शिष्टाचार भेंट, सहजनवा एलिवेटेड रोड परियोजना पर जताया आभार

दिल्ली : गोरखपुर के सांसद रवि किशन ने आज संसद भवन स्थित कार्यालय में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन जयराम गडकरी से शिष्टाचार भेंट कर गोरखपुर जनपद में राष्ट्रीय राजमार्गों से संबंधित विभिन्न विकास परियोजनाओं पर सकारात्मक एवं सार्थक चर्चा की।इस दौरान सांसद रवि किशन ने विशेष रूप से सहजनवा में लगभग ₹700 करोड़ की लागत से प्रस्तावित एलिवेटेड रोड परियोजना को स्वीकृति प्रदान किए जाने पर गोरखपुर की जनता की ओर से केंद्रीय मंत्री गडकरी के प्रति हार्दिक आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया।

सांसद ने कहा कि यह महत्वाकांक्षी परियोजना गोरखपुर की यातायात व्यवस्था को आधुनिक एवं सुगम बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इसके निर्माण से सहजनवा एवं आसपास के क्षेत्रों में लगने वाले जाम से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी, आवागमन अधिक सुरक्षित और तेज होगा तथा क्षेत्र के औद्योगिक, व्यापारिक एवं आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।

बैठक के दौरान गोरखपुर क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्गों के विस्तार, सड़क अवसंरचना के सुदृढ़ीकरण तथा भविष्य की विकास योजनाओं पर भी विस्तृत चर्चा हुई। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने गोरखपुर के विकास से जुड़े विषयों पर सकारात्मक दृष्टिकोण व्यक्त करते हुए आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया। सांसद रवि किशन ने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र सरकार के मार्गदर्शन एवं सहयोग से गोरखपुर में सड़क संपर्क और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित होंगे, जिससे पूर्वांचल के समग्र विकास को और अधिक गति मिलेगी।

रिपोर्ट : अंकित श्रीवास्तव

इन टॉपिक्स पर और पढ़ें:
Hindi News से जुड़े अन्य अपडेट लगातार हासिल करने के लिए हमें फेसबुक, यूट्यूब और ट्विटर पर फॉलो करे...