मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 11 वर्षों में देश के साथ-साथ मध्यप्रदेश में भी ऐतिहासिक परिवर्तन हुआ है। केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों के चलते प्रदेश को हर क्षेत्र में निरंतर बड़ी सौगातें मिल रही हैं। मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य सरकार ने वर्ष-2026 को किसान कल्याण वर्ष घोषित किया है, जिसके अंतर्गत पूरे साल किसान हित में अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार ने हर खेत तक सिंचाई के लिए पानी पहुंचाने का संकल्प लिया है। प्रधानमंत्री मोदी द्वारा बुंदेलखंड से केन–बेतवा नदी जोड़ो परियोजना की शुरुआत की गई है, जिससे क्षेत्र के कई जिलों के किसानों को स्थायी सिंचाई सुविधा मिलेगी और खेतों में समृद्ध फसलें लहलहाएंगी। उन्होंने कहा कि सरकार प्रदेश की प्रगति में कोई कसर नहीं छोड़ रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मंगलवार को हुई मंत्रि-परिषद की बैठक में नर्मदापुरम जिला में दो सिंचाई परियोजनाओं के लिए 215 करोड़ 47 लाख रुपये की स्वीकृति दी गई है। इन परियोजनाओं से सोहागपुर और पिपरिया क्षेत्र के किसानों एवं स्थानीय जनजातीय समुदाय को प्रत्यक्ष लाभ मिलेगा। इस उपलब्धि पर क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री का आत्मीय अभिनंदन किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव मंगलवार शाम मुख्यमंत्री निवास में आयोजित अभिनंदन समारोह को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर सोहागपुर विधायक विजयपाल सिंह ने क्षेत्र को मिली विकास सौगातों के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। सोहागपुर से आए पार्टी पदाधिकारी, स्थानीय नागरिक और विस्थापित जनजातीय परिवारों ने मुख्यमंत्री का गर्मजोशी से स्वागत किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मध्यप्रदेश का वार्षिक बजट अब 4 लाख 21 हजार करोड़ रुपये तक पहुंच चुका है। औद्योगिक विकास को गति देने के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। नर्मदापुरम जिले में बाबई-मोहासा औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया जा रहा है, जिससे सोहागपुर, पिपरिया और आसपास के क्षेत्रों के युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर मिलेंगे। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार विरासत के संरक्षण के साथ विकास के मार्ग पर आगे बढ़ रही है और गरीब, किसान, युवा व महिलाओं के कल्याण के लिए निरंतर जनहितैषी निर्णय लिए जा रहे हैं।
विधायक विजयपाल सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सोहागपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता से किया गया वादा पूरा किया है। कैबिनेट द्वारा लगभग 226 करोड़ रुपये की लागत से दो महत्वपूर्ण सिंचाई परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं।
उन्होंने बताया कि तवा परियोजना (दायीं तट नहर) की बागरा शाखा नहर होज सिंचाई परियोजना से बाबई और सोहागपुर तहसील के 33 गांवों की लगभग 4200 हेक्टेयर कृषि भूमि सिंचित होगी। वहीं, पिपरिया ब्रांच केनाल होज सिंचाई परियोजना से 6000 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी, जिससे सोहागपुर तहसील के 30 गांव लाभान्वित होंगे। इन परियोजनाओं से सतपुड़ा टाइगर रिजर्व के आसपास रहने वाला जनजातीय समुदाय भी सर्वाधिक लाभान्वित होगा और उन्हें स्वच्छ पेयजल की सुविधा भी मिलेगी।
अभिनंदन समारोह में नर्मदापुरम लोकसभा सांसद दर्शन सिंह चौधरी, राज्यसभा सदस्य माया नारोलिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।