मध्य प्रदेश के मैहर की रहने वाली MBBS छात्रा सृष्टि शर्मा की रूस में एक दर्दनाक सड़क हादसे में मृत्यु हो गई। सृष्टि रूस में MBBS की पढ़ाई कर रही थीं और इस हादसे की खबर से उनके परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। परिवार ने उनकी अंतिम यात्रा के लिए सृष्टि का पार्थिव शरीर भारत लाने की गुहार लगाई है।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने इस मामले में तुरंत संज्ञान लेते हुए गृह विभाग को निर्देश दिए हैं। इसके तहत मध्य प्रदेश शासन के गृह विभाग ने भारत सरकार के विदेश मंत्रालय को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है ताकि सृष्टि का पार्थिव शरीर जल्द से जल्द उनके गृह नगर मैहर लाया जा सके।
सरकार का हरसंभव सहयोग
मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा है कि सरकार इस दुखद घटना में परिवार को हरसंभव सहायता प्रदान करने के लिए तत्पर है। गृह विभाग ने भारत सरकार से अनुरोध किया है कि रूस में सड़क दुर्घटना में मृत छात्रा सृष्टि शर्मा का पार्थिव शरीर जल्द और सुरक्षित तरीके से भारत लाने की प्रक्रिया शुरू की जाए।
परिजनों का दुख
सृष्टि शर्मा के परिवार पर इस घटना से गहरा आघात पहुंचा है। परिवार ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से मदद की अपील की थी, ताकि वे अपनी बेटी के अंतिम दर्शन कर सकें। परिजनों ने सृष्टि की अंतिम यात्रा को भारत लाने के लिए सरकार से त्वरित सहायता की मांग की है।
रूसी मीडिया और परिजनों के अनुसार, घटना शुक्रवार दोपहर की है जब सृष्टि अपने कुछ दोस्तों के साथ एक टूर पर जा रही थीं। रास्ते में उनकी कार का टायर अचानक निकल गया, जिससे कार का गेट खुला और सृष्टि सड़क पर गिर पड़ी। सड़क पर दूर तक घिसटने से उनके सिर पर गंभीर चोट आई, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।