भोपाल: विजयादशमी के शुभ अवसर पर राजधानी भोपाल के नेहरू नगर स्थित पुलिस लाइन में परम्परागत तरीके से शस्त्र पूजन समारोह संपन्न हुआ। उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, महापौर मालती रॉय, सांसद आलोक शर्मा, विधायक भगवानदास सबनानी और रामेश्वर शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में मां भगवती की पूजा अर्चना और शस्त्र पूजन किया गया।
कांग्रेस पर साधा निशाना
मीडिया से बातचीत के दौरान डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस चुनावों में हार से विचलित हो गई है। उन्होंने कहा कि विधानसभा और लोकसभा चुनावों के नतीजे देखकर कांग्रेस को संतुलन बनाकर आत्ममंथन करना चाहिए कि कहां गलती हो रही है। उन्होंने कहा, “प्रजातंत्र में विचलित होने के बजाय संतुलन और आत्ममंथन करना चाहिए।”
पुलिस विभाग की परंपरा
हर साल की तरह, इस बार भी पुलिस विभाग ने विजयादशमी के अवसर पर शस्त्रों और वाहनों का विधिवत पूजन किया। पुलिस आयुक्त हरिनारायणाचारी मिश्र की अगुवाई में अधिकारियों और कर्मचारियों ने इस पूजन को पारंपरिक मंत्रोच्चार के साथ पूरा किया। कार्यक्रम में पुलिस उपायुक्त अखिल पटेल, सोनाक्षी सक्सेना और अतिरिक्त पुलिस आयुक्त पंकज श्रीवास्तव भी शामिल थे।
शुभकामनाएं और शांति की अपील
डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा, महापौर मालती रॉय, और पुलिस आयुक्त हरिनारायणाचारी मिश्र ने पुलिस परिवार और शहरवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं। साथ ही, उन्होंने शहरवासियों से दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से मनाने की अपील की।

तीसरी बार हुआ शस्त्र पूजन
भोपाल पुलिस कमिश्नरी के अंतर्गत यह तीसरी बार शस्त्र पूजन का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शस्त्रों के साथ ही पुलिस के वाहनों और मशीनरी का भी पूजन किया गया, जो दशहरा के दिन की महत्वपूर्ण परंपरा का हिस्सा है।