उत्तर प्रदेश के मऊ जिले में शुक्रवार को एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर ने घरेलू विवाद में पत्नी की गड़ासे से गला काटकर हत्या कर दी। इसके बाद खुद ही पुलिस को वारदात की सूचना दी। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है। उस पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज हुई है।
हत्यारोपी पति मृतका को तलाक देना चाहता था। वहीं, मृतका के 8 साल के बेटे ने कहा कि, मुझे भगवान पर भरोसा है। मेरी मां के हत्यारे को सजा जरूर मिलेगी। नहीं मिली तो बड़ा होकर खुद काट दूंगा।
यह मामला हलधरपुर थाना क्षेत्र के मुस्तफाबाद गांव का है। गांव निवासी हरिद्वार सिंह कुछ साल पहले तक अमेरिका की एक कंपनी में इंजीनियर था। लेकिन वहां से दिल्ली लौट आया था।
पिछले माह वह सपरिवार अपने गांव आ गया था। परिवार में पत्नी सरिता सिंह के अलावा आठ साल का बेटा हरिओम उर्फ अंश और छह साल का श्रीओम है। लेकिन यहां आए दिन पति-पत्नी के बीच विवाद होता था। सरिता का मायका बलिया जिले के रसड़ा कोतवाली क्षेत्र के नरनी गांव में है।
गुरुवार को उसके पिता अभय नारायन सिंह और भाई राजेश कुमार सिंह भी उसके ससुराल आए थे। ससुराल पक्ष के लोगों से बात की, लेकिन बात नहीं बनी। शुक्रवार सुबह करीब आठ बजे दोनों के बीच एक बार फिर विवाद शुरू हुआ। इसी बीच हरिद्वार ने पत्नी सरिता का गंड़ासे से गला काटकर उसकी हत्या कर दी। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचकर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और पति को पुलिस ने मौके से हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
मृतका के बड़े बेटे अंश ने कहा कि, उसकी मां और पिता के बीच दो दिन पहले आपस में विवाद हुआ था। आज भी विवाद हो रहा था। उसी समय पिता ने मां से कहा की तुम मुझे तलाक दो, मैं तुम्हे वाराणसी में रख दूंगा।
मां ने तलाक देने से इनकार कर दिया तो उसने गड़ासे से मेरी मां की गला काटकर हत्या कर दिया। पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसको सजा जरूर मिलेगी। अगर उसको वहां सजा नहीं मिली तो मुझे भगवान पर भरोसा है, वह मेरी मां के हत्यारे को जरूर सजा देगा। नहीं तो मै खुद ही सजा दूंगा।
पुलिस अधीक्षक सुशील घुले ने बताया कि आरोपी पति को पुलिस गिरफ्तार कर उससे पूछताछ कर रही। अभी तक की जांच के अनुसार पति-पत्नी के बीच विवाद था।
जिसमें पति ने पत्नी की हत्या कर दिया। जिस समय विवाद था और हत्या हुई थी, उस समय मृतका के मायके वाले भी मौके पर मौजूद थे। आगे की करवाई की जा रही है।