मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोमवार को देवास लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी महेंद्र सोलंकी एवं उज्जैन लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अनिल फिरोजिया का नामांकन दाखिल कराया। डाॅ. यादव ने नामंकन रैली में शामिल होकर जनसभाओं को भी संबोधित किया। इस दौरान मुख्यमंत्री डाॅ. यादव ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी एक के बाद एक पाप किए जा रही है। पहले इन्होंने आजादी के बाद हिंदुस्तान-पाकिस्तान का बंटवारा कराने का पाप किया।
इसके बाद 70 सालों तक देश पर राज किया, लेकिन हमारे आराध्य भगवान श्रीराम का मंदिर नहीं बनवाने का पाप किया। मंदिर के नाम पर देश के हिंदू-मुसलमानों को लड़ाने का पाप किया। मंदिर बन गया, लेकिन अब तक कांग्रेस के लोग भगवान श्रीराम के दर्शन करने तक नहीं गए। अब ये हमारी सनातन संस्कृति और भगवा पर आपत्ति उठाने का पाप भी कर रहे हैं।
कांग्रेस के पापों का घड़ा भरा गया है। अब हमने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अपने सांस्कृतिक अनुष्ठान का महायज्ञ प्रारंभ किया है। यादव ने कहा कि कांग्रेस की मानसिकता हमेशा से देशविरोधी रही है। यदि ये देशहित में सोचते तो जो काम हमारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किए हैं, वे ये पहले कर देते, लेकिन ये देश की जनता को सिर्फ वोट बैंक समझते रहे और हमेशा से अंग्रेजों की नीति अपनाते हुए फूट डालकर शासन करते रहे। अब कांग्रेस माफी मांगे कि इन्होंने भगवान श्रीराम के मंदिर निर्माण को लेकर अड़ंगे क्यों लगाए?
उज्जैन में आयोजित जनसभा के बाद कई कांग्रेस नेताओं ने भाजपा की सदस्यता ली। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सभी को भाजपा का गमछा डालकर सदस्यता दिलाई। भाजपा ज्वॉइन करने वालों में बाबूलाल चौहान, अशोक मालवीय, भगवान खांडेकर सहित चार दर्जन से अधिक लोग शामिल रहे।
मोहन यादव ने उज्जैन के फ्रीगंज टॉवर पर संभागीय मीडिया सेंटर का उदघाटन किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि चुनाव की दृष्टि से मीडिया सेंटर की विशेष उपयोगिता होती है। यहां से न सिर्फ मीडिया की गतिविधियां संचालित होती हैं, अपितु संगठन के विचारों के प्रवाह का भी सशक्त केंद्र है।
यादव ने कहा कि लोकतंत्र के इस महापर्व में मीडिया की भी अपनी सशक्त भूमिका रहती है, जिसके माध्यम से आम जनता इस महाभियान से जुड़ती है। आधुनिक संचार के इस युग में चुनाव के दृष्टिगत मीडिया सेंटर की अग्रणी भूमिका रहेगी।
यादव ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने देश में लंबे समय तक राज किया एवं सरकार चलाई। हमेशा नारा देते रहे कि देश से गरीबी को दूर करेंगे, लेकिन वे गरीबी तो दूर नहीं कर सके अब तो हमारे देश की जनता ने ही उन्हें दूर कर दिया है। अब कहते हैं कि सरकार बनाओ, एक झटके में गरीबी दूर कर देंगे।
कांग्रेस के झंडाबरदार जिनको लोग पप्पू जी कहते हैं और भी पता नहीं क्या-क्या नाम देते हैं। वे भी पदयात्रा करने निकले और बोलते फिरे कि हमारी सरकार बनाओ एक झटके में गरीबी दूर कर देंगे। वर्ष 2014 के लोकसभा चुनावों ने कांग्रेस की सरकार धराशायी की थी, तब कांग्रेस की सीटें 115 रह गई। दूसरी बार 2019 में केवल एक बस (52 सीटर) की सवारी रह गई। इस बार तो इनकी टैंपो की सवारी रह जाएगी।